Delhi: शाहदरा में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से भड़की भीषण आग, पहली मंजिल पर सो रहे 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 2 घायल

Delhi Fire News: दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर की गली नंबर 11 में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से भड़की आग ने भीषण रूप ले लिया। पहली मंजिल पर सो रहे 4 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिला स्थित विश्वास नगर इलाके से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। विश्वास नगर की गली नंबर 11 स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड की चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, आग लगने की वजह मकान के भीतर बना ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट माना जा रहा है, जहां से उठी चिंगारी ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया।

Shahdara news e rickshaw fire

शाहदरा के विश्वास नगर में हुआ हादसा

पहली मंजिल पर सो रहे लोग बने शिकार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैली कि पहली मंजिल पर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि "पुलिस स्टेशन को आग लगने के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम विश्वास नगर की गली नंबर 11 स्थित घटनास्थल पर पहुंची, जहां आग लगने की पुष्टि हुई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग फैलने की आशंका

हादसे के शुरुआती कारणों पर बात करते हुए डीसीपी ने आगे बताया "प्राथमिक दृष्टि से ऐसा प्रतीत होता है कि आग की शुरुआत ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से हुई थी। इसके बाद आग की लपटें तेजी से ऊपर फैलीं और पहली मंजिल पर सो रहे लोग इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आ गए।" पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। अस्पताल में भर्ती कराए गए दोनों घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर है। पुलिस यह जांच कर रही है कि चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ था या बैटरी ओवरहीटिंग की वजह से यह भीषण हादसा हुआ।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed