Delhi News: दिल्ली में अर्थ आवर के दौरान लोगों ने बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई। शनिवार रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक राजधानी के लोगों ने एक घंटे के लिए अपने घरों और दफ्तरों की लाइट बंद कर ऊर्जा बचाने का संदेश दिया। इस दौरान दिल्ली में कुल 216 मेगावाट बिजली की बचत हुई, जबकि सिर्फ बीएसईएस (BSES) क्षेत्र में ही 174 मेगावाट बिजली बचत दर्ज की गई।
एक घंटे में दिखी पर्यावरण के लिए जागरूकता
अर्थ आवर वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड (WWF) द्वारा चलाया जाने वाला एक वैश्विक अभियान है। इसमें दुनियाभर के लोग एक घंटे के लिए अपने घर व ऑफिस की लाइट बंद कर पर्यावरण के प्रति जागरूकता दिखाते हैं। इसका मकसद लोगों को ऊर्जा बचाने के लिए प्रेरित करना और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
लाइट ऑफ कर लोगों ने दिया बड़ा संदेश
दिल्ली में शनिवार को अर्थ आवर के दौरान इंडिया गेट, लाल किला और कुतुब मीनार जैसे प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों की लाइट भी बंद रखी गईं, जिससे यह संदेश और मजबूत हुआ कि पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना जरूरी है। राजधानी के अलावा देश के कई शहरों ने बीते दिन लाइट बंद कर अर्थ आवर मनाया। यह कार्यक्रम पूरे देश में रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक मनाया गया।
पिछले 20 सालों में अर्थ आवर जागरूकता कार्यक्रम से कहीं ज्यादा आगे बढ़ चुका है। यह लोगों, समुदायों और संस्थाओं को ज्यादा टिकाऊ जीवनशैली अपनाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए प्रेरित करता है। BSES के अनुसार, अर्थ आवर सिर्फ एक घंटे का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उनकी लगातार चल रही स्वच्छ और पर्यावरण संरक्षण की पहल का हिस्सा है। कंपनी सोलर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) जैसे प्रोजेक्ट्स के जरिए दिल्ली को ग्रीन एनर्जी की ओर ले जा रही है।
