Delhi Accident News: दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहला पुश्ता रोड पर एक डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे में बच्ची का भाई और चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुश्ता रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने रास्ता खाली किया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
शादी समारोह में गए थे तीनों
जानकारी के अनुसार, सोनिया विहार पहला पुश्ता निवासी रंगीला (24) मंगलवार रात एक शादी समारोह में गया था। साथ में उसका भतीजा हर्ष (13) और भतीजी वैष्णवी (10) भी थे। रात को करीब एक बजे तीनों बाइक से समारोह से घर लौट रहे थे। सोनिया विहार तीसरे पुश्ते के पास पहुंचने पर उनके सामने अचानक एक गाय आ गई। जिसे बचाने की कोशिश में उनकी बाइक को सामने से आ रहे एक डंपर ने टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में वैष्णवी के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रंगीला और हर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी डंपर चालक की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को पकडने की मांग करते हुए पुश्ता रोड पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने सड़क भी जाम कर दी। लोगों का आरोप है कि इस पुश्ता रोड पर डंपरों का संचालन प्रतिबंधित होने के बावजूद यहां डंपर चलते रहते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट
बताया गया कि हादसे के समय बाइक पर सवार तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। अगर बच्ची ने हेलमेट पहना होता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। हेलमेट के कारण घायलों को भी कम चोटें आतीं। वे तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी ये हादसा हुआ। रात के समय पब्लिक ट्रांसपोर्ट न मिलने के कारण तीनों बाइक से ही घर आ रहे थे। लेकिन रास्ते में बाइक हादसे का शिकार हो गई।
