शहर

Delhi Encounter: एनकाउंटर में प्रॉपर्टी डीलर फायरिंग केस के आरोपी दबोचे गए, एक बदमाश गोली लगने से घायल

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एजीएस टीम ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। दोनों आरोपियों पर एक प्रॉपर्टी डीलर की दुकान पर फायरिंग करने का आरोप है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एजीएस टीम ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दोनों तरफ से गोली चलाई गई। मुठभेड़ में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया और दूसरे को भागते हुए पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों की पहचान भारत और विराज के रूप में हुई है। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुठभेड़ में चलीं 5 राउंड फायरिंग

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों के बारे में क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद एसीपी भगवती प्रसाद की देखरेख में इंस्पेक्टर क्राइम ब्रांच एजीएस के नेतृत्व में टीम बनाई गई। डीसीपी हर्ष इंदौर के निर्देश पर पुलिस टीम ने द्वारका-दिल्ली के बहादुरगढ़ हाईवे के पास जाल बिछाया। इसी दौरान दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया तो वे भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस की टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने अपने आपको घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। दोनों तरफ से लगभग 5 राउंड गोलियां चलीं।

प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग का आरोप

इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में बदमाश भारत के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, दूसरे बदमाश को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी भगवती प्रसाद ने बताया कि दोनों बदमाशों ने कुछ दिन पहले बिंदापुर प्रॉपर्टी डीलर की दुकान पर गोलियां चलाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही प्रॉपर्टी डीलर पर गोली क्यों चलाई थी, इसको लेकर पूछताछ की जाएगी। दोनों आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article