Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके के भागीरथी विहार में एक बड़ी दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक 18 साल के मजदूर की कुछ बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक की पहचान लुकमान के रूप में हुई है। वह इलाके के एक कबाड़ गोदाम में काम करता था। पुलिस ने बताया कि यह वारदात गुरुवार शाम को हुई। दो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है। मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आपसी रंजिश में युवक की हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम 4:54 बजे गोकलपुरी थाने में एक युवक पर चाकू से वार करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल लुकमान को उसका भाई जीटीबी अस्पताल ले गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लुकमान को मृत घोषित किया। पुलिस ने मृतक के शरीर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में हत्या (बीएनएस की धारा 103(1)) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हमलावरों की पहचाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस ने हमलावरों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहन जांच कर जरूरी साक्ष्य जमा किए हैं। इसके अलावा, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वह जल्द ही आरोपियों गिरफ्तारी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
