Delhi News: दिल्ली के अशोक विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक अस्पताल में 5 साल की बच्ची की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बच्ची की हत्या की गई है। बच्ची का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा गया है। हैरान कर देने वाली बात ये है कि बच्ची को उसकी खुद की मां ने मारा है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जानने की कोशिश की उसकी मां ने ऐसा क्यों किया और इसके पीछे की असल वजह क्या है।
पांच साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या
मां, जहां हर बच्चा खुद को सुरक्षित महसूस करता है। लेकिन तब क्या हो जब मां ही अपने बच्चे की जान ले। ऐसा ही एक घटना दिल्ली के अशोक विहार इलाके से सामने आई। बच्ची की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की तो पता लगा की मां ने ही अपनी बच्ची की गला घोंटकर हत्या की है। पूछताछ में पता लगा कि महिला का पहला पति उसे छोड़कर चला गया था। वह इंस्टाग्राम के जरिए राहुल नाम के एक युवक से मिली थी। महिला इस युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन राहुल और उसके परिवार ने बच्ची को रखने से मना कर दिया था। इससे महिला बहुत दुखी हुई और उसने अपनी बच्ची को मार दिया।
पुलिस जांच में बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न होने की खबर सामने आई है। पुलिस ने बताया कि बच्ची और उसकी मां दिल्ली आने से पहले हिमाचल प्रदेश में एक रिश्तेदार के साथ रहते थे। उस रिश्तेदार ने बच्ची की यौन उत्पीड़न किया था। पुलिस ने हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
