दिल्ली

Rain in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में क्यों हो रही है बारिश, कब तक छाए रहेंगे बादल? जान लें सबकुछ

Delhi Rain: क्या आप जानते हैं कि दिल्ली एनसीआर में आखिर लगातार बारिश क्यों हो रही है? इसके पीछे का कारण क्या है, मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश का अनुमान जताया है और दिल्ली एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है। आपको बताते हैं कि दिल्ली में कब तक बारिश होती रहेगी।

Image

दिल्ली एनसीआर में बारिश।

Photo : Times Now Digital

Delhi: देश की राजधानी के कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर को बारिश हुई। इसके बाद भी बादल छाए रहने से मौसम विभाग ने और अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। ऐसा नहीं है कि बारिश रुक गई तो आगे नहीं होगी, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली के मध्य और दक्षिणी भागों में वर्षा हुई। सवाल ये है कि इस मौसम में दिल्ली में लगातार बारिश क्यों हो रही है। आपको इस सवाल का जवाब देते हैं, पहले आपको बताते हैं कि मौसम विभाग का क्या कहना है।

दिल्ली में कब तक होती रहेगी बारिश?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिन में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किये जाने की संभावना है।

दिल्ली के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है। यह प्रतिकूल मौसम की स्थिति तथा स्थिति के और अधिक खराब होने की संभावना को दर्शाता है, जिससे जन-जीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग की नवीनतम सूचना में कहा गया है कि आगामी घंटों में दिल्ली के अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार देर रात बारिश हुई, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और यातायात बाधित हो गया।

दिल्ली के किस इलाके में कैसा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। मौसम विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटों में सफदरजंग मौसम केंद्र ने 29.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की, जबकि रिज स्टेशन ने 69.4 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय ने 56.5 मिमी, लोधी रोड ने 28.2 मिमी, आया नगर ने 19.5 मिमी और पालम ने 18 मिमी बारिश दर्ज की।

जगह-जगह जलभराव से लोग हुए परेशान

जलभराव के कारण यातायात में व्यवधान के बारे में लोगों को सूचित करते हुए पुलिस ने फोटो और वीडियो पोस्ट किए तथा लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से बचने एवं वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी। दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, 'जीजीआर पीडीआर में जलभराव के कारण धौला कुआं से महिपालपुर की ओर एनएच-48 पर यातायात प्रभावित है। कृपया अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं।'

ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया ये अलर्ट

यातायात पुलिस ने कई पोस्ट में यह भी बताया कि विभिन्न सड़कों पर यातायात प्रभावित है, जिनमें कालकाजी से डिफेंस कॉलोनी की ओर जाने वाले लाला लाजपत राय मार्ग, बुध विहार से पूठ खुर्द की ओर जाने वाले मेन कंझावला रोड, आउटर रिंग रोड, नांगलोई से टकरी बॉर्डर की ओर जाने वाले रोहतक रोड शामिल है। पुलिस ने कहा, 'कृपया मुंडका जाने से बचें और वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।' मौसम विभाग के अनुसार आर्द्रता का स्तर 96 प्रतिशत दर्ज किया गया।

दिल्ली में आखिर क्यों हो रही है बारिश?

सितंबर के महीने में इतनी बारिश होने की वजह उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर जारी ‘डिप्रेशन’ के रहते भी हो सकती है। जिसका असर दिल्ली पर देखा जा रहा है। डिप्रेशन शब्द का इस्तेमाल मौसम से जुड़े मामलों में ऐसे मौसम के लिए होता है, जो किसी अनजान वजहों से प्रभावित हो रहा हो। इसके अलावा वियतनाम में यागी तूफान ने भारी तबाही मचाई है। ऐसा माना जा रहा है कि इस तूफान का असर दिल्ली तक हुआ है। हालांकि इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है, ये सिर्फ एक अंदाजा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article