दिल्ली

आखिर क्यों पटपड़गंज सीट पर लगातार जीत दर्ज करने वाले मनीष सिसोदिया की जगह अवध ओझा को दी गई टिकट

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पटपड़ंगंज से मनीष सिसोदिया की बजाए अवध ओझा को चुनावी मैदान में उतारा गया है। लेकिन इसके पीछे के राजनीतिक नजरिये को समझे।

Image

आखिर क्यों पटपड़गंज सीट पर लगातार जीत दर्ज करने वाले मनीष सिसोदिया की जगह अवध ओझा को दी गई टिकट

Delhi Assembly Election: वर्ष 2024 को खत्म होने में अब ज्यादा समय बाकी नहीं रह गया है। चुनावों के चलते 2024 बहुत व्यस्त साल रहा है। इस साल में लोकसभा चुनाव और अलग-अलग समय पर 8 राज्यों के विधानसभा चुनावों का भी आयोजन किया गया था। अब 2025 की शुरुआत भी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनाव से होने वाली है। सभी राजनीतिक पार्टियों की नजर दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 पर टिकी हुई है। पार्टियों द्वारा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव फरवरी के मध्य में आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी के माहौल के बीच दिल्ली की आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे बड़ा बदलाव और चौंका देने वाली बात ये है कि पटपड़गंज सीट पर टिकट मनीष सिसोदिया को नहीं दी गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट से लगातार जीतते आए हैं। लेकिन इस बार आप ने विधानसभा सीट के लिए पटपड़गंज सीट पर अवध ओझा को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया को प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारने का फैसला लिया है।

पटपड़गंज से तीन बार विधायक रहे सिसोदिया

2013 में मनीष सिसोदिया ने नकुल भारद्वाज को 11,476 वोटों से हराकर जीत हासिल की और पटपड़गंज के पहली बार विधायक बने। उसके बाद 2015 में भी उन्हें इसी सीट से दोबारा निर्वाचित किया गया। 2015 में सिसोदिया ने 28,761 वोटों से जीत हासिल की। 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा में मनीष सिसोदिया ने रविंदर सिंह को मात्र 3000 हजार वोटों से हराया। लेकिन इस बार बड़े बदलावों के साथ आप ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। दूसरी लिस्ट में पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप के दूसरे सबसे बड़े नेता मनीष सिसोदिया के स्थान पर अवध ओझा को चुनावी मैदान में उतारा गया है। अब सवाल ये उठता है कि आप ने इतना बड़ा फैसला क्यों लिया। क्यों सिसोदियो को पटपड़गंज की बजाए जंगपुरा सीट के प्रत्याशी के रूप में चुना गया है। इस चौंका देने वाले फैसले के पीछे की वजह क्या रही है?

सिसोदिया की सीट बदलने के पीछे की वजह

सीट बदलने की खबर भले ही लोगों के लिए चौंका देने वाली रही हो, लेकिन अगर राजनीति के दृष्टिकोण से देखें तो इसके पीछे कई बड़ी वजह हैं, आइए आपको इन वजहों के बारे में बताएं -

1. 2020 के नतीजों में छिपी वजह - वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में सिसोदिया की सीट बदलने का सबसे बड़ी वजह 2020 के चुनाव के नतीजों की तरफ इशारा करते हैं। उस साल पटपड़गंज सीट से मनीष सिसोदिया ने 3000 वोटों के बहुत कम मार्जिन से जीत हासिल की थी। भाजपा के प्रत्याशी रविंद्र सिंह नेगी द्वारा उन्हें कड़ी टक्कर दी गई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि पिछले साल के नतीजों को देखते हुए ही इस साल पटपड़गंज सीट से अवध ओझा को उतारा गया है।

2. कथित शराब घोटाला - लंबे समय से मनीष सिसोदिया कथित शराब घोटाले के चलते तिहाड़ जेल में रहे हैं। ऐसे में पटपड़गंज सीट पर वह उतना काम नहीं कर पाएं हैं। इस बात का फायदा उठाते हुए भाजपा ने सीट पर अपनी पकड़ बनाने की कोशिश की है।

3. एंटी इनकंबेंसी भी है एक वजह- इस बार आप को विरोध की लहर (एंटी इनकंबेंसी) का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते प्रत्याशियों की लिस्ट में कई बड़े नेताओं की सीटों में बदलाव किया गया है, जिसमें मनीष सिसोदिया की सीट भी शामिल है। रणनीतिकारों की मानें तो दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पटपड़गंज सिसोदिया के लिए यह सुरक्षित सीट नहीं है और जंगपुरा सीट पर आम आदमी पार्टी की पकड़ शुरू से ही अच्छी रही है। यही कारण है कि आप के दूसरे सबसे बड़े चेहरे को पार्टी एक सुरक्षित सीट देना चाहती है।

अवध ओझा को पटपड़गंज की सीट क्यों दी गई

आईएएस की कोचिंग देने वाले शिक्षक और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा ने आप पार्टी ज्वाइन कर राजनीति में कदम रख दिया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उन्हें पटपड़गंज सीट से टिकट दी गई है। पटपड़गंज सीट पर पूर्वांचल और उत्तराखंड के वोटरों की आबादी सबसे अधिक है। ऐसे में पार्टी को एक पूर्वांचली चेहरे की तलाश थी जो अवध ओझा पर पूरी हो गई है। बता दें कि अवध ओझा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मूल निवासी हैं। ऐसे में उन्हें इस सीट के लिए एक बेहतर उम्मीदवार के तौर पर देखा जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान चुनावी मैदान में उनकी जीत के साथ देखने को मिल सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article