दिल्ली

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़: 'गलत घोषणा' या 'यात्रियों की अधिकता', किस वजह से हुई जानलेवा भगदड़?

NDLS Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं दर्जनों लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई है। इस हादसे के पीछे की वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि रेलवे की अव्यवस्था के कारण यह हादसा हुआ है।

Image

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कैसे बनी भगदड़ की स्थिति

NDLS Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार, 15 फरवरी की देर रात मची भगदड़ में करीब 18 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। इस घटना में घायल हुए लोगों को एलएनजेपी अस्पताल और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों में 14 महिलाएं शामिल है। बताया जा रहा है कि भगदड़ में दबने के कारण और दम घुटने से इन लोगों की जान गई। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शाम से ही महाकुंभ में जाने वाले यात्रियों भारी संख्या में पहुंच रही थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना के पीछे की वजह क्या रही है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने समय रहते व्यवस्था दुरुस्त क्यों नहीं की। रेलवे स्टेशन पर इतनी भीड़ लगी कैसे?

रेलवे पुलिस ने बताई भगदड़ के पीछे की वजह

जानकारी के लिए बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 12, 13, 14, 15 और 16 पर भारी संख्या में यात्री मौजूद थे। पुलिस उपायुक्त ने बताया प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या 14 पर खड़ी थी। वहीं स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी देरी से चल रही थी। इन ट्रेनों में यात्रा के लिए पहुंचे यात्रियों की भारी भीड़ प्लेटफॉर्म पर मौजूद थी। डीसीपी मल्होत्रा ने बताया कि स्टेशन पर भीड़ की उम्मीद भी, लेकिन कुछ ही सेकेंड में यह घटना घट गई। उन्होंने कहा कि इस दौरान रेलवे द्वारा हर घंटे 1500 से सामान्य टिकट बेचे जा रहे थे। यही कारण है कि स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई थी। भीड़ बढ़ते ही स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई। उन्होंने आगे कहा कि रेलवे द्वारा घटना की जांच की जाएगी और जिम्मेदार कर्मचारियों से पूछताछ करने के बाद इस घटना के पीछे की सही वजह के बारे में पता लगेगा।

एस्केलेटर पर मची भगदड़

घटना के दौरान वहां मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि भगदड़ की यह घटना प्लेटफॉर्म पर नहीं बल्कि एस्केलेटर पर हुई। यात्रियों का कहना है कि भगदड़ जैसी स्थिति रेलवे द्वारा ट्रेन के ठहराव को लेकर बार-बार प्लेटफॉर्म के बदलने की घोषणा के कारण हुई। वहीं एक चश्मदीद ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर स्थिति सामान्य थी। लेकिन सीढ़ियों पर अचानक भीड़ उमड़ी और लोग भारी संख्या में प्लेटफॉर्म पर उतरने की कोशिश करने लगे। उसी दौरान कई महिलाएं-बच्चे और अन्य लोग नीचे गिर गए। लोग उन्हें रौंदते हुए गुजरने लगे और यह हादसा हो गया।

बिना प्लेटफार्म टिकट और ट्रेन टिकट के पहुंचे यात्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में ऐसे लोग भी पहुंचे थे, जिनके पास न ट्रेन टिकट थी और न ही प्लेटफॉर्म टिकट। अब सवाल यह उठता है कि बिना प्लेटफॉर्म टिकट लोग रेलवे स्टेशन के अंदर गए कैसे? इस दौरान पूछे जाने पर कई लोगों ने ट्रेन में टीटी से टिकट लेने की बात सामने रखी। उनका कहना है कि भारी भीड़ के कारण वह टिकट नहीं ले पाएं हैं और अब टीटी से ट्रेन में टिकट खरीद लेंगे। वहीं जब प्लेटफॉर्म में दाखिल होने के बारे में पूछा गया तो यात्रियों ने कहा कि एंट्री प्वाइंट पर कोई टिकट चेक करने वाला था ही नहीं और भीड़ के साथ सभी लोग परिसर में घुस गए। इस प्रकार रेलवे स्टेशन में भारी भीड़ होने के कारण भगदड़ की स्थिति बनी और कई लोगों की जान चली गई।

स्पेशल ट्रेन चलाने के बावजूद बेकाबू हुई स्थिति

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत हो गई, जिससे स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। कहा जा रहा है कि यह घटना कथित तौर पर ट्रेन के प्रस्थान में हुई देरी के कारण घटी। यहां स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रयागराज के लिए एक विशेष ट्रेन की घोषणा की गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में लोग पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की असामान्य रूप से भारी भीड़ देखी गई, जिसके कारण रेलवे अधिकारियों को भीड़ को संभालने के लिए चार विशेष ट्रेनों की घोषणा करनी पड़ी। उठाए गए कदमों के बावजूद, स्थिति और खराब हो गई क्योंकि यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में परेशानी हुई। परिणामस्वरूप कई लोग दम घुटने के कारण बेहोश हो गए। दिल्ली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा प्रभावित यात्रियों को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!