दिल्ली

विहिप ने शुरू किया छठ पूजा सामग्री सत्यापन अभियान; श्रद्धा, विश्वास और शुद्धता के साथ त्योहार मनाने की पहल

विश्व हिन्दू परिषद इंद्रप्रस्थ प्रांत ने दिल्ली के 30 जिलों में स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को शुद्ध और प्रमाणित पूजा सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की है। अभियान का उद्देश्य पारंपरिक पूजा संस्कृति और सामाजिक विश्वास को मजबूत करना है।

Sticker issued by VHP

विहिप द्वारा जारी किया गया स्टीकर

VHP Chhath Campaign 2025: छठ महापर्व के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) इंद्रप्रस्थ प्रांत ने राजधानी दिल्ली में एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को शुद्ध, प्रमाणित और पारंपरिक पूजा सामग्री उपलब्ध कराना है ताकि लोग बिना किसी चिंता के श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा कर सकें। विहिप की ओर से बताया गया कि दिल्ली के सभी 30 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर विशेष स्टॉल लगाए जा रहे हैं। यहां भक्तों को छठ पूजा के लिए आवश्यक वस्तुएं - जैसे प्रसाद सामग्री, सूप-दौरा, और पूजन सामग्री - प्रमाणित और पारंपरिक स्वरूप में उपलब्ध कराई जाएंगी।

सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने का कदम

विहिप इंद्रप्रस्थ प्रांत के मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हिन्दू त्योहारों की शुद्धता और सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखना है। उन्होंने कहा, “हमारे त्योहार हमारी आत्मा हैं। छठ जैसे पवित्र अवसर पर भक्तों को पारंपरिक, शुद्ध और प्रमाणित सामग्री उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।” इस अभियान के तहत विहिप की ओर से इच्छुक दुकानदारों, ठेलेवालों और रेहड़ी-पटरी वालों को सत्यापन के बाद ‘सनातन प्रतिष्ठा’ स्टिकर प्रदान किया जाएगा। इस स्टीकर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उस दुकान या स्टॉल पर उपलब्ध पूजा सामग्री शुद्ध और प्रमाणित स्रोत से है।

सिर्फ प्रमाणित स्टॉलों से ही सामग्री लें

सत्यापन प्रक्रिया में दुकान का पंजीकरण, पहचान और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। स्थानीय प्रतिनिधि निरीक्षण के बाद प्रमाणन स्टीकर जारी करेंगे। विहिप का कहना है कि इस अभियान में गुणवत्ता, शुद्धता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सुरेंद्र गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि वे छठ पूजा के लिए सामग्री खरीदते समय ‘सनातन प्रतिष्ठा’ स्टीकर जरूर देखें और केवल प्रमाणित स्टॉलों से ही सामग्री लें। उन्होंने कहा, “यह पहल पूरी तरह शांतिपूर्ण, सामाजिक और पारदर्शी ढंग से की जा रही है। हमारा उद्देश्य समाज में विश्वास और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करना है।”

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

प्रेरित कुमार
प्रेरित कुमार Author

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में ... और देखें

End of Article