अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस आज दिल्ली आने वाले हैं। यहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शाम 6:30 बजे उनके आवास पर औपचारिक मुलाकात करेंगे। इटली दौरे के बाद ये वेंस की भारत की पहली यात्रा है, जो आज 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलेगी। वे आज दिल्ली के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर और अन्य कई सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे। ऐसे में आज दोपहर करीब 12 बजे से एक घंटे तक वाहन चालक चिल्ला बॉर्डर से दिल्ली की ओर नहीं जा सकेंगे। डीसीपी यातायात लखन यादव ने बताया कि सोमवार की आज अक्षरधाम मंदिर मे अतिविशिष्ट महानुभावों का भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसको देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर वाहनों के रास्तों में बदलाव किया जा सकता है।
नोएडा-ग्रेनो एक्स्प्रेसवे से आकार चिल्ला बॉर्डर होकर अक्षरधाम मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों को दलित प्रेरणा स्थल से डीएनडी की ओर भेजा जाएगा। डीसीपी यातायात लखन यादव ने बताया कि जरूरत पड़ने पर ये बदलाव किया जाएगा। वाहनों के चलने पर कोई रोक नहीं रहेगी। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने अमेरिका के उपराष्ट्रपति की उच्च स्तरीय यात्रा के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पहले ही मॉक ड्रिल कर ली है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा का ध्यान देते हुए सारी गतिविधियां सुचारू रूप से संपन्न की जाएंगी।
दिल्ली पुलिस की ट्राफिक एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस की ट्राफिक एडवाइजरी की अनुसार सरदार पटेल मार्ग, गुरुग्राम रोड, परेड रोड, थिमैया मार्ग और वायुसेना मार्ग पर वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों को टो करके कालीबाड़ी मंदिर मार्ग ले जाया जाएगा। 11 मूर्ति से आरएमएल जाने वाले लोग धौला कुआं फ्लाईओवर, आरए शंकर रोड, तालकटोरा रोड और शेख मुजीब-उर-रहमान मार्ग से वंदे मातरम मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। एयरपोर्ट से आने-जाने वाले राव तुला राम मार्ग से सफर कर सकते हैं।
दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे तक
सी-हेक्सागन, जनपथ रोड, सरदार पटेल मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में डायवर्जन लागू रहेगा, ऐसे में सिकंदरा रोड, फिरोज शाह रोड, विकास मार्ग और नोएडा लिंक रोड पर भी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। भीड़भाड़ से बचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने के लिए अतिरिक्त समय की योजना जरूर बनाएं। किसी भी असुविधा से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस की सोशल मीडिया अपडेट्स पर ध्यान रखें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
