UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने लगा है। एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते यूपी के मौसम में कई बदलाव देखे जा रहे हैं। यूपी के दोनों हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। यहां आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही बिजली चमकने का अलर्ट भी जारी किया गया है। बता दें कि इस बीच नोएडा और गाजियाबाद में सुबह की शुरुआत ही बूंदाबांदी के साथ हुई है। इन दोनों शहरों के अधिकतर इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। दिन होते-होते प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा मौसम का हाल -
यूपी में मौसम का हाल
बीते दिनों चुभने वाली धूप और गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। क्योंकि यूपी के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश होने से तापमान में कमी आएगी और हल्की ठंडक बनी रहेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी में करीब 33 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। यहां आज हल्का कोहरा भी देखने को मिलेगा।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बाराबंकी, शामली, सहारनपुर, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, एटा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में बादल गरजने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
21 फरवरी तक हो सकती है बारिश
आईएमडी की मानें तो अब यूपी का मौसम 21 फरवरी तक ऐसे ही बना रह सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है, वहीं कई इलाकों में मौसम एक दम साफ बना रहेगा। बारिश से तापमान में कमी आने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
