BJP President News : आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी गुजरात में ओबीसी चेहरे के हाथ में सौंपी पार्टी की कमान। गुजरात सरकार में मौजूदा सहकारिता मंत्री जगदीश विश्वकर्मा (पांचाल) बने भारतीय जनता पार्टी गुजरात प्रदेश के नए अध्यक्ष, 2027 विधानसभा चुनावों में अपने ही पार्टी के पूर्व अध्यक्ष पाटिल द्वारा दिलाई भव्य जीत को बरकरार रखने की सबसे बड़ी चुनौती का करेंगे सामना।
जगदीश विश्वकर्मा बने नए गुजरात भाजपा अध्यक्ष
जगदीश विश्वकर्मा का नाम गुजरात की सियासत में एक नई जिम्मेदारी के साथ चर्चा में आया। अब वह गुजरात बीजेपी के नए अध्यक्ष बन गए है, भूपेंद्र यादव ने गांधीनगर स्थित बीजेपी मुख्यालय से किया ऐलान, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल तक रहे मौजूद। अमित शाह के भरोसेमंद और संगठन में लंबे समय से सक्रिय विश्वकर्मा, अहमदाबाद की निकोल सीट से विधायक हैं और वर्तमान में भूपेंद्र पटेल सरकार में सहकारिता मंत्री की भूमिका निभा रहे हैं।
राजनीति की शुरुआत और सफर
जगदीश विश्वकर्मा का राजनीतिक सफर जमीनी स्तर से शुरू हुआ। उन्होंने ठक्करबापानगर बूथ इंचार्ज के तौर पर बीजेपी में एंट्री ली थी, और वर्ष 2012 में पहली बार निकोल से विधायक चुने गए। 12 अगस्त 1973 को जन्मे विश्वकर्मा फिलहाल 52 वर्ष के हैं। हालांकि राज्य में जब पाटीदार आंदोलन जोरो पर था उस दौरान अहमदाबाद शहर के अध्यक्ष तक जगदीश विश्वकर्मा थे, वे ओबीसी समुदाय से आते हैं, और प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग में अहम किरदार निभाने वाले नेता बनेंगे—गुजरात में ओबीसी की आबादी 50% से अधिक है।
संगठन में बदलाव और बड़ी जिम्मेदारी
अब तक अध्यक्ष रहे सीआर पाटिल की जगह जगदीश विश्वकर्मा पार्टी की बागडोर संभालेंगे। सूत्रों की मानें, तो अब राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल होने की संभावना है, क्योंकि विश्वकर्मा के संगठन में आने से कुछ मंत्री बाहर हो सकते हैं तो कुछ नए और युवा चेहरों को भी मौका दिया जा सकता है।
रणनीति और भविष्य की दिशा
बीजेपी ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए नया अध्यक्ष चुना है, जिससे ओबीसी वर्ग को साधने की रणनीति नजर आ रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा भी ओबीसी हैं, ऐसे में मुकाबला दिलचस्प रहेगा क्योंकि आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुदान गढ़वी भी ओबीसी से आते है। विजय मुहूर्त में कमलम् कार्यालय पहुंचकर 10 प्रस्तावकों के साथ नामांकन दाखिल करने वाले विश्वकर्मा के सामने गुजरात भाजपा से किसी और ने पर्चा दाखिल न करने पर आज भव्य समारोह के साथ सर्वसहमति से उन्हें भाजपा गुजरात प्रदेश की कमान सौंपी गई ऐसे में अब 2027 में उनके सामने चुनौती बड़ी रहेगी क्योंकि पिछले अध्यक्ष रहे पाटिल के नेतृत्व में पार्टी ने 182 में से 156 सीटों पर जीत हासिल की थी ऐसे में जगदीश विश्वकर्मा को इन सभी सीटों को बरकरार रख नई और सीटों को जोड़कर एक ऐतिहासिक जीत दिलाने की चुनौती ज़रूर रहेगी।
अन्य प्रमुख जानकारी
जगदीश विश्वकर्मा सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं।पार्टी के कई महत्वपूर्ण अभियान व रिलिफ कार्यों में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई।उनकी छवि एक मेहनती और जमीनी नेता की रही है, जो हर वर्ग को जोड़ने की कुव्वत रखते हैं।यह नई जिम्मेदारी संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, और सभी की नजरें अब उनकी अगली रणनीति पर टिकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
