Saddam Arrested In Delhi: गैंगस्टर एवं माफिया अतीक अहमद एवं उसके भाई अशरफ की हत्या हो जाने के बाद यूपी पुलिस इनके गुर्गों एवं गिरोह पर नकेल कस रही है। यूपी एटीएस ने गुरुवार को अशरफ के साले अब्दुल समद उर्फ सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी यह गिरफ्तारी दिल्ली से हुई। सद्दाम के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम था।
दुबई से वापस लौटा था सद्दाम
उमेश पाल हत्याकांड के बाद सद्दाम के दुबई भाग गया था। कुछ महीने दुबई रुकने के बाद वह भारत वापस लौटा था। वापस आने के बाद वह सद्दाम दिल्ली में छिपा हुआ था। वह अतीक अहमद गैंग से जुड़ा हुआ था। सद्दाम अपने जीजा अशरफ से जुड़ कर अवैध जमीनों पर कब्जा करना और लोगों को धमकी देने का काम करता था। अशरफ जब बरेली जेल में बंद था तब सद्दाम ही जेल में अशरफ की लोगों से मुलाकात करवाता था।
गर्लफ्रेंड से मिलने जा रहा था सद्दाम
उमेश पाल हत्याकांड के बाद सद्दाम अंडरग्राउंड हो गया था। पुलिस के मुताबिक सद्दाम पुलिस से बचने के लिए कर्नाटक, मुंबई, दिल्ली में नाम बदलकर छिप रहा था। सद्दाम अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने जा रहा था तब यूपी एसटीएफ ने दिल्ली के मालवीय नगर से गिरफ्तार किया।
गत 15 अप्रैल को अतीक -अशरफ की हुई हत्या
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की इसी साल 15 अप्रैल को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ सूत्रों ने सद्दाम से की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में जगह बदल-बदल कर रह रहा था। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, वह आज अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए जा रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।
बरेली के खुशबू एनक्लेव में रह रहा था
एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक सद्दाम ने पूछताछ में यह भी बताया है कि वह बरेली के खुशबू एनक्लेव में रह रहा था। सूत्रों के अनुसार, पूर्व में उसका बहनोई अशरफ बरेली जेल में बंद था और वह उसे जेल में कारागार कर्मियों की मिलीभगत से रसद सामग्री पहुंचाता था और जमीनों की खरीद-फरोख्त का काम करता था। सद्दाम से पूछताछ में यह भी पता चला है कि बरेली में वह लाला गद्दी, नाजिश, सैयद साहब और फुरकान नामक व्यक्तियों के साथ मिलकर विवादित जमीनों के मामले में हस्तक्षेप कर धन ऐंठता था।
एसटीएफ के सूत्रों के मुताबिक संबंधित थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार सद्दाम के खिलाफ भारतीय दंड विधान और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
