Delhi Crime: पश्चिमी दिल्ली मामूली बात पर एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि इस मामले पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि यहां बीड़ी देने से इनकार करने पर कुछ अन्य लोगों द्वारा एक व्यक्ति की कथित रूप से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बीड़ी को लेकर की व्यक्ति की हत्या
पुलिस के अनुसार, कन्हैया (33) पर सोमवार देर रात हमला किया गया। इससे पहले दोनों आरोपियों ने पीड़ित के पास आकर बीड़ी मांगी लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया था। इस बात से गुस्साए आरोपियों ने कड़े से उसके सिर पर कई बार वार किया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि घायल होने के बावजूद व्यक्ति खुद ही गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल गया जहां उसे चिकित्सा सहायता दी गई और कोई ‘मेडिको-लीगल’ मामला दर्ज किए बिना उसे छुट्टी दे दी गई। हालांकि, कुछ घंटों बाद पीड़ित की हालत बिगड़ गई और उसे मंगलवार की सुबह अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए कई टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने विनोद (27) और ऑटो चालक अर्जुन (39) को गिरफ्तार कर लिया। विनोद पेशे से रसोइया है और दोनों रघुबीर नगर में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि कन्हैया यहां अर्जुन के घर के बाहर बीड़ी पी रहा था और तभी बीड़ी को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि विनोद और अर्जुन ने मिलकर कन्हैया की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
