दिल्ली : जीटीबी अस्पताल में गोलीबारी करने के आरोप में मुख्य साजिशकर्ता किशोर सहित तीन लोगों को बृहस्पतिवार को पकड़ा गया। जीटीबी अस्पताल में हुई गोलीबारी की घटना में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। अधिकारियों के अनुसार, किशोर और दो आरोपियों - फौजान (20) और सैफ (19) ने 14 जुलाई को अस्पताल के वार्ड नंबर 24 में गलत पहचान के कारण रियाजुद्दीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कुख्यात अपराधी वसीम समझकर रियाजुद्दीन को मारी थी गोली
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि तीनों आरोपी एक अन्य साथी के साथ जीटीबी अस्पताल गए और उन्होंने रियाजुद्दीन को कुख्यात अपराधी वसीम समझकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों और किशोर को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके से पकड़ा गया है। चौधरी ने बताया कि वे दिल्ली से भागने की फिराक में थे। इस घटना का मुख्य आरोपी एक किशोर है और अक्सर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पिस्तौल के साथ तस्वीर और वीडियो साझा करता है।
उन्होंने बताया कि तीनों तकनीकी निगरानी के बारे में बहुत अधिक जानकारी रखते हैं और अक्सर अपराध की योजना बनाते समय या उसे अंजाम देते समय इंटरनेट कॉल का सहारा लेते हैं। गोलीबारी के मुख्य आरोपी (किशोर) ने खुलासा किया कि उसे अनस नामक व्यक्ति का फोन आया था, जिसमें उसने बताया कि वसीम के गिरोह ने उसके साझा मित्र फैज की हत्या की है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अनस ने वसीम पर हमला करने की योजना बनाई। वसीम उस दौरान गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती था।
(इनपुट-भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
