नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आरके पुरम स्थित डीपीएस स्कूल में बम ब्लास्ट करने को लेकर स्कूल प्रिंसिपल को एक मेल आया है। ब्लास्ट की धमकी को लेकर दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस ने ऐतिहातन बच्चों को बाहर निकाल कर स्कूल खाली करवा दिया है। पुलिस पिछले 2 घंटे से सर्च ऑपरेशन में जुटी है। लेकिन, अभी तक ऐसी कोई सामाग्री नहीं मिली है। पुलिस को शक है कि किसी शरारती तत्व ने इस तरह की ओछी हरकत की है।
छात्रावास की गहन तलाशी
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) रोहित मीणा ने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मीणा ने कहा, ‘‘बम का पता लगाने वाले दल (बीडीटी) ने स्कूल और छात्रावास की गहन तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारी ने कहा कि धमकी के बारे में डीपीएस स्कूल प्रबंधन से फोन पर सूचना मिलने के बाद बीडीटी और श्वान दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि स्कूल को सुबह करीब नौ बजे एक ईमेल मिला जिसमें स्कूल परिसर में दो बम होने की बात की गई थी जिसके बाद प्रशासन ने पुलिस को इस बारे में तत्काल सूचित किया।
धमकियां अफवाह निकली
पुलिस ने स्कूल परिसर को तत्काल खाली करा लिया और तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ईमेल के ‘आईपी एड्रेस’ का पता लगा रही है। आर के पुरम स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल को पिछले साल सितंबर में ईमेल कर किसी ने इसी प्रकार की धमकी दी थी, जो बाद में अफवाह निकली। मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को भी पिछले साल मई में इसी प्रकार का ईमेल मिला था। उस समय भी स्कूल में बम होने की बात अफवाह साबित हुई थी। सादिक नगर स्थित इंडियन स्कूल को 12 अप्रैल, 2023 और नवंबर 2022 में बम विस्फोट की धमकी मिली थी लेकिन ये दोनों धमकियां अफवाह निकलीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
