Delhi Air Pollution: दिल्ली के वायु प्रदूषण में लगातार इजाफा हो रहा है, इसके चलते अब दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण लागू हो गया है। गुरुवार को वायु गुणवत्ता पैनल ने ग्रैप के तीसरे चरण के तहत प्रतिबंधों को लागू करने का निर्देश दिया है। इसके लागू होने के बाद दिल्ली मेट्रो ने अपने 20 फेरे बढ़ा दिए है, ताकि लोग अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहनों का इस्तेमाल करें। इससे पहले ग्रैप-2 लागू होने पर मेट्रो के 40 फेरे बढ़ाए गए थे। इस दौरान कोयले या लकड़ी पर खाना बनाने समेत कई चीजों पर रोक भी लगाई गई है।
इन चीजों पर रहेगी रोक
दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू होने के बाद दिल्ली सरकार ने सभी निर्माण गतिविधियों पर रोक लगा दी है। इस दौरान रेलवे सेवाओं, मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों, रक्षा संबंधी गतिविधियों, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों जैसी परियोजनाओं के लिए छूट दी गई है। इसके अलावा सड़कों की साफ-सफाई झाड़ू से नहीं होगी बल्कि उन्हें मशीनों से साफ किया जाएगा और धूल को दबाने के लिए पानी के छिड़काव को भी बढ़ाया जाएगा। बोरिंग, ड्रिलिंग, खुदाई और भराई जैसे कामों पर भी इस दौरान रोक रहेगी। इसके अलावा बस समेत सभी तर के वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
दिल्ली की जहरीली हवा
दिल्ली में गुरुवार को हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज हुई। इसके साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा भी बेहद खराब ही बनी रही। सफर के अनुसार गुरुवार को राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार पांचवें दिन बहुत खराब श्रेणी में बनी रही। दिल्ली का एक्यूआई 346 दर्ज किया गया। राजधानी की बेहद खराब हवा के चलते दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
