Sakshi Ahuja News: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर करंट लगने से स्कूल टीचर की हुई मौत मामले में दिल्ली पुलिस ने रेलवे के एक सीनियर इंजीनियर को जिम्मेदार ठहराया है। दिल्ली पुलिस इस इंजीनियर से रेलवे परिसर में इलेक्ट्रिक पोल और मीटर के आस-पास फैले बिजली के तारों में पूछताछ करेगी। बता दें कि गत रविवार को 34 वर्षीया साक्षी आहूजा की रेलवे स्टेशन पर करंट लगने से मौत हो गई। आहूजा छुट्टियां मनाने के लिए निकली थीं। बारिश के चलते नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पानी भर गया था। साक्षी ने जलभराव वाले इलाके में कथित तौर पर संभलने के लिए बिजली का खंभा पकड़ लिया। पानी भरा होने के चलते उसमें करंट उतर आया था।
रेलवे क्वार्टर में रहते हैं सीनियर इंजीनियर
अधिकारियों के मुताबिक वरिष्ठ अभियंता भारत भूषण (40) उत्तरी दिल्ली के किशन गंज में रेलवे क्वार्टर में रहते हैं। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ खंड अभियंता के रूप में तैनात भारत भूषण पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में बिजली के खंभे के रखरखाव का जिम्मा था। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) अपूर्वा गुप्ता ने कहा कि 27 जून को रेलवे प्राधिकरण द्वारा उस स्थल का निरीक्षण किया गया था, जहां महिला को करंट लगने की घटना घटी।
रविवार को हुआ हादसा
अपूर्वा गुप्ता ने कहा, ‘घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद उसे रख-रखाव और मरम्मत कार्य के लिए रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया गया। 27 जून को भूषण को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था। पूछताछ के बाद उसे दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 41.1ए के तहत निरुद्ध किया गया।’यह हादसा रविवार सुबह तब हुआ जब गेट नंबर एक के समीप नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में 34 वर्षीय साक्षी आहूजा चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार होने जा रही थीं, तभी खुले तारों के संपर्क में आने के कारण करंट लगने से उनकी मौत हो गयी थी।
खुले तारों के संपर्क में आ गईं आहूजा
प्राथमिक जांच के अनुसार, बारिश में आहूजा अपना संतुलन खो बैठीं। जब उन्होंने अपने आप को संभालने के लिए बिजली के एक खंभे को पकड़ा तो वह वहां पड़े कुछ खुले तारों के संपर्क में आ गयीं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
