भाजपा की दिल्ली प्रदेश सचिव बांसुरी स्वराज ने केजरीवाल सरकार को झगड़ालू, निकम्मी और घोटालों में डूबी हुई बताते हुए दिल्ली सरकार के अधिकारों और सेवा से जुड़े विधेयक पर हस्ताक्षर करने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को धन्यवाद कहा है। बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसी सरकार है, जो न केवल केंद्र सरकार बल्कि उपराज्यपाल और दिल्ली की नौकरशाही के साथ भी लगातार टकराव की राजनीति कर रही है। केजरीवाल सरकार लगातार जिम्मेदारी से बच रही है और मीडिया के सामने 'विक्टिम कार्ड' खेल रही है।
स्वराज ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हुए अपने अतिरिक्त अधिकारों और ताकत के लिए लगातार लड़ने वाली सरकार को देखकर दिल्ली के लोग निराश हो गए हैं। यह विधेयक भारत के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए दिल्ली में नौकरशाही के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करेगा और विकास की उम्मीद कर रहे दिल्ली के लोगों को न्याय देगा।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली सेवा विधेयक की गजट अधिसूचना दिल्ली के करोड़ों नागरिकों के लिए राहत लेकर आई है, जो अब उम्मीद करते हैं कि दिल्ली में उचित प्रशासन और विकास होगा। सचदेवा ने आगे कहा कि 2013 में जब अरविंद केजरीवाल पहली बार सत्ता में आये थे तब से ही उनकी सरकार लगातार अराजक तरीके से काम कर रही है और दिल्ली के प्रशासन को पंगु बना रही है।
चाहे 2013 में राजपथ पर मुख्यमंत्री का धरना हो, चाहे 2018 में उपराज्यपाल के ऑफिस में मुख्यमंत्री का धरना हो, चाहे 2018 में तत्कालीन मुख्य सचिव के साथ दुर्व्यवहार हो या हाल ही में 16-17 मई की आधी रात को दिल्ली के सतर्कता सचिव के कार्यालय का ताला तोड़ना हो, ये सभी केजरीवाल सरकार के कदाचार के ज्वलंत उदाहरण हैं और लोगों की सेवा के लिए प्रशासनिक व्यवस्था में कानूनी संशोधन करने के लिए पर्याप्त कारण हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
