Delhi News: दिल्ली में आवारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा। बीते दिनों दिल्ली के कई इलाकों से बच्चों और बड़ों पर कुत्ते के हमले की खबर सामने आ रही थी। अब दिल्ली के आया नगर से ऐसी ही एक खबर आई है। लेकिन यहां कुत्ते ने नहीं गाय ने अटैक किया है। आया नगर के डी ब्लॉक में एक गाय ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में महिला बुरी तरह से घायल हो गई हैं। ये पूरी घटना एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। गाय के अटैक की ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
इस वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि एक किनारे पर गाय हैं और दूसरे किनारे से महिला जा रही है। महिला को देख अचानक गाय ने उन पर अटैक कर दिया। गाय ने महिला को सींग से उठाकर इधर उधर घसीटा भी। घटना देखते ही कई लोग बाहर निकले और महिला को बचाने की कोशिश की गई। महिला को बचाने आए एक व्यक्ति ने गाय का सींग पकड़ा और उसमें फंसे हुए महिला के बाल निकाले। उसी दौरान दूसरे युवक ने महिला को वहां से हटाया। इस वीडियो में गाय को अन्य लोगों पर हमला करने की कोशिश करते हुए भी देखा जा सकता है, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे वहां से डरा कर भगा दिया।
फिरोजाबाद में गाय के हमले में एक युवक की मौत
गाय के अटैक की या किसी आवारा पशु के अटैक की ये पहली घटना नहीं है। इससे तरह पहले भी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें गाय ने लोगों पर अचानक हमला कर कर दिया है। करीब 6 दिन पहले फिरोजाबाद में गाय के हमले से एक युवक नाले में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने बताया कि युवक खेत से काम करके घर वापस आ रहा था, तभी सड़क पर घूम रही एक गाय ने उस पर हमला कर दिया। गाय से बचने के लिए वह भागने लगा और नाले में गिर गया, जिससे उसके सिर पर चोट आई और उसकी मौत हो गई। सोलन से भी कुछ इसी तरह की घटना सामने आई है। यहां बैल ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को सींगों से उठाकर खेत में फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गए।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
