New CM of Delhi: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री की घोषणा बुधवार शाम को हो गई है। रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के तौर पर बृहस्पतिवार यानी 20 फरवरी को शपथ लेंगी। भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है। भाजपा विधायक दल की बैठक में नए सीएम के नाम को लेकर मुहर लगी। नई मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे होगा।
शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली के नए सीएम पद की शपथ लेंगी।
मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर हो गया फैसला
दिल्ली में शाम सात बजे भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इसी बैठक में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर फैसला किया गया है। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के लिए कई नामों पर चर्चा हुई और आखिरकार नाम की घोषणा हो गई। विधायक दल की बैठक संपन्न होने के बाद जिसे मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपे जाने का फैसला किया गया।
इससे पहले दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी ने दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए, जिसके बाद इनकी मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई और सीएम के नाम का फैसला हुआ।
इन नेताओं के नाम को लेकर हो रही थी चर्चा
11 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 10 नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात की थी। इन विधायकों में विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता, अरविंदर सिंह लवली, अजय महावर, सतीश उपाध्याय, शिखा राय, अनिल शर्मा और डॉ. अनिल गोयल, कपिल मिश्रा और कुलवंत राणा शामिल थे। माना जा रहा था कि इन्हीं विधायकों में 3 से 4 चेहरे मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। हालांकि अब दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का नाम साफ हो चुका है।
रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ दिशानिर्देश भी दिए गए हैं। इसके मुताबिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले इच्छुक सुबह 11 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे। यह निमंत्रण पत्र केवल एक ही व्यक्ति के लिए वैध है।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरा टाइमटेबल भी सामने आया है। जिसके मुताबिक, 11-12 बजे के बीच शपथ समारोह के गेस्ट आएंगे और अपनी सीट लेंगे। 12:10 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मनोनीत मंत्री आएंगे। 12:15 बजे एलजी शपथ समारोह में पहुंचेंगे। 12:20 बजे केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य नेता पहुंचेंगे। 12:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। वहीं, 12:30 बजे बैंड की धुन पर राष्ट्रगान होगा। 12.35 बजे एलजी मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे।
दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियां संपन्न हो चुकी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी दिल्ली पुलिस सहित अर्धसैनिक बलों के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। जांच पड़ताल के बाद ही कार्यक्रम में लोगों को अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल होने की उम्मीद है। राजनीतिक और कला एवं मनोरंजन जगत के कई लोग इसका हिस्सा बन सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
