Delhi New CM Rekha Gupta: दिल्ली के शालीमार बाग से पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता ने बुधवार रात उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले, शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें दल का नेता चुना गया था। रेखा गुप्ता गुरुवार को रामलीला मैदान में दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट पर 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलीं रेखा गुप्ता।
दिल्ली के उपराज्यपाल से मिलीं रेखा गुप्ता
उपराज्यपाल ने भावी मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता रेखा गुप्ता को दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।
दिल्ली भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, "मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा
रेखा गुप्ता के करियर की बात करें तो उन्होंने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई के दौरान ही छात्र राजनीति में कदम रखा। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़ी रहीं और 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं, जहां उन्होंने छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। साल 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुने जाने के बाद, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालय, पार्क और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाओं के विकास पर काम किया।
वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़ी रही हैं। महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए, उन्होंने "सुमेधा योजना" जैसी पहल शुरू की, जिसने आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
