दिल्ली

दिल्ली में 6 करोड़ की लाल चंदन की लकड़ी बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

यह लकड़ी आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दिल्ली में तस्करी कर लाई गई थी और तुगलकाबाद गांव के एक गोदाम में छिपाकर रखी गई थी। अगस्त 2025 में तिरुपति पुलिस स्टेशन में लाल चंदन की चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों ने खुलासा किया कि चोरी की गई लकड़ी दिल्ली भेजी जा रही है।

Image

दिल्ली में 6 करोड़ की लाल चंदन की लकड़ी बरामद। तस्वीर-PTI

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आंध्र प्रदेश पुलिस के रेड सैंडर्स एंटी-स्मगलिंग टास्क फोर्स (RSASTF) के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 टन लाल चंदन (Red Sandalwood) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

यह लकड़ी आंध्र प्रदेश के तिरुपति से दिल्ली में तस्करी कर लाई गई थी और तुगलकाबाद गांव के एक गोदाम में छिपाकर रखी गई थी। अगस्त 2025 में तिरुपति पुलिस स्टेशन में लाल चंदन की चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए कुछ लोगों ने खुलासा किया कि चोरी की गई लकड़ी दिल्ली भेजी जा रही है।

इसके बाद आंध्र प्रदेश पुलिस की टास्क फोर्स ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (दक्षिण-पूर्व जिला) से संपर्क किया। दोनों टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई और जानकारी विकसित करते हुए 6 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में छापा मारा।

छापेमारी के दौरान तुगलकाबाद गांव के एक गोदाम से करीब 9,500 किलो लाल चंदन बरामद किया गया और दो आरोपी —

इरफान (निवासी तोली चौकी, हैदराबाद) और

अमित संपत पवार (निवासी ठाणे, नवी मुंबई) को गिरफ्तार किया गया।

तस्करी का तरीका

पूछताछ में पता चला कि आरोपी लाल चंदन की लकड़ी को अगस्त 2025 के पहले हफ्ते में तिरुपति से ट्रक में छिपाकर दिल्ली लाए थे। दोनों दिल्ली में इसे आगे चीन और दक्षिण एशियाई देशों में भेजने की तैयारी कर रहे थे, जहां लाल चंदन की भारी मांग है क्योंकि इसका इस्तेमाल दवा, सजावटी सामान और पारंपरिक औषधियों में होता है

इरफान, निवासी तोली चौकी, हैदराबाद — पहले भी 2023 में तिरुपति पुलिस द्वारा लाल चंदन की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

अमित संपत पवार, निवासी सेक्टर-21, ठाणे, नवी मुंबई पहली बार तस्करी में पकड़ा गया है।

बरामदगी

कुल लगभग 10 टन लाल चंदन (Red Sandalwood) बरामद किया गया है।

पुलिस अब इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article