दिल्ली

Luv Kush Ramlila 2025: इस साल बेहद खास होगी लालकिला मैदान पर 'लव कुश रामलीला', तीन मंजिला मंच की खूबसूरती देख हो जाएंगे मंत्रमुग्ध

Ram Leela in Delhi 2025: इस साल लालकिला मैदान पर लव कुश रामलीला सोमनाथ मंदिर के भव्य सेट पर सजेगी। 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलने वाला यह आयोजन दर्शकों को एक अनोखा और ऐतिहासिक अनुभव देगा।

Image

मंच की प्रतीकात्मक तस्वीर

Ram Leela In Delhi: दिल्ली का लालकिला मैदान हर साल विजयदशमी पर रामभक्ति से सरोबार हो उठता है। यहां होने वाली लव कुश रामलीला सिर्फ़ एक नाटक नहीं, बल्कि ऐसी परंपरा है जिसे देखने लाखों लोग दूर-दराज से आते हैं। दशकों से यह रामलीला दिल्ली की पहचान बन चुकी है और इसकी भव्यता हर साल कुछ नया रंग भर देती है।

सोमनाथ मंदिर का भव्य सेट किया गया तैयार

इस बार की रामलीला और भी खास होने वाली है। लव कुश रामलीला कमेटी ने इस बार मंचन के लिए सोमनाथ मंदिर का भव्य सेट तैयार किया है। करीब 140 फुट लंबा और 45 फुट ऊँचा तीन मंजिला मंच, जिस पर सवा लाख से ज़्यादा एलईडी लाइटें सजाई गई हैं। रोशनी और नक्काशी से सजा यह मंदिर दूर से ही ऐसा लगेगा मानो आप सचमुच सोमनाथ के दर्शन कर रहे हों।

गुजरात से आए कलाकारों ने मंदिर की खूबसूरत नक्काशी, सोने की चमक और रंग-बिरंगी लाइटों से इसे और भी अद्भुत बना दिया है। साथ ही, 3डी इफेक्ट्स और एआई तकनीक का इस्तेमाल कर कुछ दृश्य ऐसे रचे जाएंगे कि दर्शक खुद को सोमनाथ मंदिर के बीच बैठा हुआ महसूस करेंगे।

2 अक्टूबर को होगा रावण दहन

तीन मंजिला मंच की हर मंजिल पर अलग-अलग दृश्य होंगे। सबसे ऊपर से देवताओं की पुष्पवर्षा दिखाई जाएगी और मंदिर परिसर में सैकड़ों “जय श्रीराम” की पताकाएँ लहरेंगी। वहीं, 2 अक्टूबर को दशहरे पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन हमेशा की तरह सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा।

कमेटी के प्रधान अर्जुन कुमार का कहना है कि पहले भी अयोध्या के राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर के सेट पर रामलीला हो चुकी है, लेकिन सोमनाथ मंदिर का यह मंच पहली बार तैयार किया गया है। उनके मुताबिक़ यह अनुभव ऐतिहासिक और अविस्मरणीय होगा।

यह आयोजन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। हर शाम श्रीराम की लीलाएं दर्शकों को एक नई आध्यात्मिक अनुभूति देंगी। खासकर जब लालकिला का इतिहास और सोमनाथ मंदिर की भव्यता एक साथ सामने आएगी, तो यह रामलीला किसी धार्मिक उत्सव से कम नहीं लगेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article