Rain in Delhi NCR: उमस की मार झेल रहे दिल्ली वासियों को रविवार दोपहर राहत मिली है। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली है। बीते कुछ दिनों से दिल्ली में मौसम ने करवट ली है और हीटवेव से राहत मिली है, लेकिन उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। इसी बीच दिल्ली, नोएडा समेत कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई है, जो राहत देने जैसा है।
इन जगहों पर दो घंटे में बारिश का अलर्ट
इसके साथ ही दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में अगले दो घंटे में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी ने बताया कि अगले दो घंटे के दौरान दिल्ली के नरेला, बवाना, बुराड़ी, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, एनसीआर के नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, गन्नौर, सोनीपत, खरखौदा, फरुखनगर, सोहाना (हरियाणा) बागपत (यूपी) के कुछ स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और 30 से 50 किमी/घंटा की गति के साथ तेज़ हवाएं चलेंगी।
आंधी-तूफान की चेतावनी जारी
इससे पहले आईएमडी ने बताया था कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियम के करीब रहने का पूर्वानुमान है। सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके साथ ही दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को आंधी के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।
कानपुर में कई जगहों पर झमाझम बारिश
इधर, उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को बारिश हुई। कानपुर के कल्याणपुर, रावतपुर, गोल चौराहे, मोतीझील से लेकर झकरकटी बस अड्डा में करीब 10 मिनट तेज बारिश हुई। इसके अलावा पुराने शहर घंटाघर, चुन्नीगंज से लेकर नवीन मार्केट की तरफ हल्की बुंदाबांदी हुई। हालांकि, कानपुर दक्षिण के नौबस्ता, किदवई नगर, यशोदा नगर, श्याम नगर और कोयला नगर को राहत की बूंदें नसीब नहीं हुई।
कैसे है दिल्ली की आबोहवा?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 10 बजे 152 अंकों के साथ ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘‘अच्छा’’, 51 से 100 के बीच ‘‘संतोषजनक’’, 101 से 200 के बीच ‘‘मध्यम’’, 201 से 300 के बीच ‘‘खराब’’, 301 से 400 के बीच ‘‘बहुत खराब’’ और 401 से 500 के बीच ‘‘गंभीर’’ माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
