दिल्ली

दिल्ली में बारिश ने मचाया कहर, गर्मी से तो मिली राहत लेकिन कई इलाके जलमग्न, जानिए कहां कितनी बारिश हुई

दिल्ली में रातभर हुई बारिश और तेज आंधी ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, लेकिन साथ ही कई चुनौतियां भी पेश कीं। तेज़ हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ, जबकि कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला। मौसम में इस अचानक बदलाव से न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Image

बरसात ने बदला राजधानी के मौसम का मिजाज

Photo : ANI

दिल्ली में रातभर हुई बारिश और तेज़ आंधी ने उमस भरी गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई परेशानियां भी खड़ी कर दीं। इस दौरान उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, तथा शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। अचानक मौसम में बदलाव के कारण न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट आई, जो सामान्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्रों में देर रात 11:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक छह घंटे में 81.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि हवाएं 82 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

अलग-अलग इलाकों में बारिश की तीव्रता अलग रही जैसे, पालम में 68.1 मिलीमीटर, पूसा में 71 मिलीमीटर, मयूर विहार में 48 मिलीमीटर, नरेला में 30 मिलीमीटर और दिल्ली विश्वविद्यालय में 29 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे मोती बाग, मिंटो रोड, आईटीओ, धौला कुआं, दिल्ली छावनी, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और चाणक्यपुरी में आंशिक जलभराव देखा गया। दिल्ली छावनी इलाके में एक अंडरपास में एक कार और एक बस पानी में डूबी नजर आई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी जलभराव की यही तस्वीरें देखने को मिलीं, जिनमें कथित तौर पर मिंटो रोड इलाके की स्थिति दिख रही है।

रेड अलर्ट के दरमियान तापमान में गिरावट

शनिवार रात मौसम विभाग ने पश्चिम और उत्तर-पश्चिम से आने वाली आंधी को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था, जिसमें तेज आंधी, धूल भरी हवाएं, बार-बार मेघ गर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिनकी गति पालम में 72 किमी प्रति घंटे, प्रगति मैदान में 76 किमी प्रति घंटे, जाफरपुर में 61 किमी प्रति घंटे और इग्नू में 50 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई। आंधी के साथ भारी बारिश होने के कारण, दिल्ली का तापमान आधी रात के बाद 1:15 बजे से 2:30 बजे के बीच तेजी से गिर गया।

आज भी आंधी-बरसात की संभावना

सफदरजंग में तापमान 31°C से घटकर 21°C हो गया, जबकि पालम में यह 29°C से गिरकर 22°C तक पहुंच गया। पूसा में तापमान 31.8°C से 20.5°C, प्रगति मैदान में 31.4°C से 21.3°C और लोधी रोड में 31°C से 22.3°C पर आ गया। मौसम विभाग ने रविवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे अधिकतम तापमान लगभग 38°C रहने की उम्मीद है।

फ्लाइट ऑपरेशन हुए प्रभावित

खराब मौसम की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रिपोर्टों के मुताबिक, 17 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत 49 विमानों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजना पड़ा। टर्मिनल-तीन में जलभराव की समस्या भी सामने आई। उड़ानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार24डॉटकॉम’ के अनुसार, लगभग 180 उड़ानों के संचालन में देरी हुई, जबकि कुछ को रद्द भी करना पड़ा।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article