दिल्ली

राघव चड्ढा ने गांधी नगर में किया विशाल रोड शो, AAP उम्मीदवार दीपू चौधरी को जिताने की अपील की

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा के नेतृत्व में गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित रोडशो में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। राघव चड्ढा ने लोगों से 5 फरवरी को झाड़ू का बटन दबाकर आप उम्मीदवार दीपू चौधरी को जिताने की अपील की है। उन्होंने महिलाओं से अपील करते हुए कहा- अपने भाई अरविंद केजरीवाल को फिर से दिलाएं जीत।

Image

राघव चड्ढा ने गांधी नगर में किया रोड शो

आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा ने गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल रोड शो का आयोजन किया। गांधी नगर सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दीपू चौधरी के समर्थन में आयोजित इस रोड शो में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए।

रोडशो के दौरान 'भारत माता की जय' और 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारों के बीच सांसद राघव चड्ढा ने कहा, 'गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र से हजारों लोग आम आदमी पार्टी के समर्थन में सामने आए हैं। गांधी नगर की जनता ने हमेशा विकास और ईमानदारी की राजनीति का समर्थन किया है। लोगों की भीड़ बता रही है कि जनता 'AAP' और अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद देने वाली है। जो पार्टी सकारात्मक एजेंडा और अपने काम का खाका लेकर आती है, जनता उसे ही चुनती है।

राघव चड्ढा ने कहा, आज इस रोडशो में उमड़ी भीड़ यह साफ संकेत देती है कि जब 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे तो गांधी नगर विधानसभा वह सीट AAP बड़ी जीत के साथ अपने नाम करेगी।' राघव चड्ढा ने जनता से अपील की, 'किसी भी 'आलतु-फालतू' को वोट मत देना। 5 फरवरी को झाडू का बटन दबाकर भाई दीपु चौधरी को जिताएं। यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है और गांधी नगर का प्यार हमेशा अरविंद केजरीवाल के साथ रहा है। दीपु चौधरी आपके बीच का ही एक व्यक्ति है। मुझे भरोसा है कि आप हमें मौका देंगे और हम मिलकर आपकी हर समस्या का समाधान करेंगे।'

Raghav-chadha road show Gandhinagar.

गांधी नगर में राघव चड्ढा का रोड शो

इस रोड शो के दौरान राघव चड्ढा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से भी बात की और उन्हें 'आप' के एजेंडे व विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'पांच तारीख का दिन होगा, झाड़ू चुनाव चिन्ह होगा।' राघव चड्ढा ने महिला मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'इस बार महिलाओं की जिम्मेदारी ज्यादा है। अपने भाई अरविंद केजरीवाल को फिर से जीत दिलाएं, जिससे हर महीने 2100 रुपये मिलें और दिल्ली को बेहतर बनाया जा सके।'

उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और परिवहन के क्षेत्र में बेहतरीन काम किए हैं। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में जो बदलाव हुए हैं, वे अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि गांधी नगर की जनता ने हमेशा विकास और ईमानदारी की राजनीति को समर्थन दिया है और इस बार भी वही इतिहास दोहराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article