Delhi Water Bill: दिल्ली में बढ़ते पानी संकट और फर्जी बिलिंग के मामलों को लेकर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने पिछली केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने जनता को गुमराह कर झूठे वादे किए और अब लोग लाखों के फर्जी पानी के बिलों से परेशान हैं।
वर्मा ने आरोप लगाया कि 10 साल सत्ता में रही सरकार ने लोगों को डराने और धमकाने के लिए लाखों के फर्जी पानी के बिल भेजे। उन्होंने कहा कि 100 गज और 25 गज के छोटे मकानों में भी लाखों रुपये के बिल आ रहे हैं, जो साफ तौर पर सरकारी धांधली को दर्शाता है।
झूठे वादों से जनता को गुमराह किया गया
उन्होंने बताया कि पिछली सरकार ने जनता को यह कहकर भ्रमित किया था कि अगर वे सत्ता में आए तो सभी के पानी के बिल माफ कर देंगे। लेकिन इसके उलट, लोगों को लाखों रुपये के बिल थमाए जा रहे हैं।
फर्जी बिलों का समाधान
प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द ही जनता को राहत दी जाएगी। सर्विस चार्ज, पेनाल्टी और ब्याज को लेकर समाधान निकाला जाएगा। साथ ही, जब तक इस समस्या का हल नहीं निकलता, किसी भी उपभोक्ता का पानी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
मीटर रीडर की धांधली पर सख्ती
उन्होंने बताया कि कई मीटर रीडर गलत रीडिंग डालकर अधिक बिल बना रहे हैं, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सेटलमेंट में न जाएं और शिकायत दर्ज कराएं। सरकार इस भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाएगी।
फर्जी बिलिंग और खराब मीटर की समस्या का हल
प्रवेश वर्मा ने कहा कि पानी की मोटर चलाने पर भी मीटर चलने की शिकायतें आ रही हैं, जिससे अनावश्यक रूप से बिल बढ़ रहे हैं। सरकार सभी खराब मीटर बदलेगी और जांच कराएगी ताकि लोगों को सही बिल मिले। अच्छे और सही मीटर लगाए जाएंगे ताकि फर्जी बिलिंग रोकी जा सके।
दिल्ली में पानी संकट को हल करने की प्राथमिकता
उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली में पानी संकट को हल करना सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को पर्याप्त और साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही जनता को बड़ी राहत देने के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी। वहीं दिल्ली के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही पानी संकट और फर्जी बिलों की समस्या का समाधान निकलेगा और उन्हें राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
