Republic Day 2025: भारत आज 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस दिन भारत का संविधान लागू किया गया था, जिसके बाद भारत एक गणराज्य बना। इस दिन को चिह्नित करते हुए हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह राष्ट्रीय उत्सव संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त व समृद्ध भारत बनाने की दिशा में जारी प्रयासों को और मजबूत करे।
पीएम ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "गणतंत्र दिवस की ढेरों शुभकामनाएं! आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।" उन्होंने कहा, "यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।"
कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड
76वां गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। भारतवासी यूट्यूब, टीवी व अपने फोन में डीडी नेशनल पर परेड का लाइव प्रसारण देख सकते हैं। परेड में विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों और विभागों की 31 झांकियां शामिल है। गणतंत्र दिवस परेड में भारत अपनी सैन्य शक्ति, परंपरा, सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करता है।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। गणतंत्र दिवस परेड में राष्ट्र की सैन्य क्षमता और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जायेगा। भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी तो मिल गई थी, लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ। ठीक 75 वर्ष पहले आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
