Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 इलाके में आग लगने की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम पर झुग्गीवासियों ने पथराव किया। बताया जा रहा है कि झुग्गीवासी दमकलकर्मियों के देरी से आने पर गुस्साए हुए थे। आग बुझाने में देरी होने के कारण यहां कई झुग्गियां जलकर राख हो गई। जानकारी के लिए बता दें कि रोहिणी की झुग्गियों में लगी आग में 800 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गई। इस घटना में दो बच्चों की मौत भी हो गई थी।
दमकलकर्मियों पर झुग्गीवासियों ने किया पथराव
सूत्रों के बताया, "हां, जब हमारी टीम मौके पर पहुंचीं, तो उसी इलाके के कुछ लोगों ने दमकल कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे आग बुझाने में और भी चुनौती उत्पन्न हो गई।" आग में अपने करीबी को खोने वाले झुग्गी निवासी के अनुसार, दमकलकर्मी पहली कॉल के करीब 40 मिनट बाद मौके पर पहुंचे । उन्होंने कहा कि झुग्गी को पूरी तरह से राख कर देने के लिए इतना समय काफी था। आग में मारे गए आलम (2.5 वर्ष) के मामा 52 वर्षीय जोसन ने बताया, "उन्हें वहां पहुंचने में करीब 40 मिनट लगे। तब तक हम सब कुछ खो चुके थे।"
देरी होने की बताई दमकलकर्मियों ने वजह
जोसन ने बताया कि वहां उन्होंने कोई पथराव नहीं देखा। सूत्रों ने बताया कि दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने के लिए भारी यातायात और संकरी गलियों से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा, "हमारे दमकलकर्मी किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम हैं। लेकिन कभी-कभी उन्हें जमीन पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आग बुझाना सबसे चुनौतीपूर्ण कामों में से एक है, क्योंकि इसमें घायल होने या जान गंवाने का जोखिम बहुत अधिक होता है। हम बस सहयोग चाहते हैं।"
दिल्ली दमकल विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को माना कि झुग्गियों के आसपास की इमारतों के कारण दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर पहुंचने में मुश्किल हुई। उन्होंने कहा, "प्रभावित क्षेत्र के सामने चारदीवारी वाला एक परिसर है, जिससे वहां पहुंचना बेहद मुश्किल था। दमकल गाड़ियों को एक के पीछे एक खड़ा करना पड़ा और अभियान में देरी हुई।" दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने झुग्गी वासियों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार की ओर से मदद का आश्वासन दिया। इस साल एक जनवरी से 28 अप्रैल के बीच दमकल विभाग को आग से संबंधित 6,626 कॉल प्राप्त हुईं जो 2024 की तुलना में 14.8 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में पिछले साल आग से संबंधित 5,772 कॉल प्राप्त हुई थी।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
