नई दिल्ली विधानसभा सीट पर केजरीवाल को हराकर प्रवेश वर्मा ने जीत हासिल की है। दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने रविवार, 9 फरवरी 2025 को यमुना नदी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि यमुना नदी तट का विकास उनकी पार्टी की प्राथमिकता होगी। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री और आप पर यमुना नदी को लेकर चुनाव से पहले कई सवाल उठे थे। यमुना की सफाई और गंदगी को लेकर अक्सर आप से सवाल किए गए। नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीत हासिल करने के बाद प्रवेश वर्मा ने यमुना नदी के विकास को प्राथमिकता बताई।
यमुना नदी बीजेपी की प्राथमिकता
बता दें कि नई दिल्ली सीट पर जीत हासिल करने के बाद प्रवेश वर्मा अपने पैतृक गांव मुंडका पहुंचे और अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद संवाददाताओं से कहा कि पिछली सरकार ने दिल्ली के ग्रामीण इलाकों की उपेक्षा की है और सड़कों की हालत खराब है। वर्मा ने कहा, "यमुना नदी तट का पुनरुद्धार हमारी प्राथमिकताओं में होगा।"
अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध
संवाददाताओं के बात करते हुए वर्मा ने कहा कि वह अपने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "दिल्ली की जनता के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से हम एक ऐसी सुंदर दिल्ली बनाने की दिशा में काम करेंगे जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी हो।" वर्मा की राजनीतिक लोकप्रियता नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर 4,089 मतों की शानदार जीत के साथ काफी बढ़ गई है। उन्हें दिल्ली में भाजपा की आगामी सरकार में मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
