Delhi Parking News: दिल्ली में पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही। तय शुल्क से कई गुना अधिक पैसा वसूलने और पर्ची न देने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। चांदनी चौक, लाजपत नगर से लेकर हौजखास गांव तक कई जगहों पर पार्किंग ठेकेदार मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। निर्धारित 20 रुपये प्रति घंटे की जगह लोगों से 200 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इतना ही नहीं, जब वाहन मालिक आपत्ति दर्ज कराते हैं तो शुल्क कम कर दिया जाता है, लेकिन इसके बदले पर्ची देने से इनकार कर दिया जाता है।
हाल ही में एमसीडी ने ऐसे ही मामलों में ठेकेदारों पर 24 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। हौजखास गांव में हुई एक जांच में पार्किंग कर्मी ने 25 मिनट के लिए खड़े वाहन का 200 रुपये मांगा, लेकिन बहस होने पर शुल्क घटाकर 50 रुपये कर दिया। यह साफ दर्शाता है कि नियमों की अनदेखी खुलेआम हो रही है।
अनियमित पार्किंग से जाम की समस्या
महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि इस तरह की शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग ठेकेदारों की मनमानी के चलते न केवल लोगों से वसूली हो रही है, बल्कि सड़क पर अव्यवस्थित खड़ी गाड़ियों से जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है, खासकर लाल किला पुलिस चौकी के आसपास। एमसीडी ने पर्ची देने के लिए हेंडहेल्ड डिवाइस का नियम बनाया है, लेकिन ठेकेदार उसका पालन नहीं कर रहे। यही नहीं, दक्षिणी जोन के जूनियर इंजीनियर को निरीक्षण का जिम्मा सौंपा गया है, जो नियमों के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
