दफ्तर में काम के स्ट्रेस के बीच अगर योग ब्रेक मिल जाए तो इससे बेहतर क्या हो सकता है। मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग (MDNIY) को इस मामले में महारत हासिल है। तभी तो यह संस्थान अभी तक 8 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को उनके दफ्तर में ही काम के स्ट्रेस से मुक्ति दिला चुका है। योग संस्थान ने उनके दफ्तर में ही उन्हें योग ब्रेक देकर उन्हें जबरदस्त फायदा पहुंचाया है। यही कारण है कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मोरारजी देसाई योग संस्थान को उनके 'योग ब्रेक एट वर्कप्लेस'(Y-Break) कोर्स के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रमाण पत्र दिया है।
योग एट वर्कप्लेस के लिए MDNIY को मिला अवॉर्ड
संस्थान की ओर से MDNIY के डायरेक्टर डॉ. काशीनाथ समगंडी ने दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित हो रहे नेशनल लर्निंग वीक (NLW) - कर्मयोगी सप्ताह के समापन समारोह के दौरान यह अवॉर्ड रिसीव किया। वाई-ब्रेक पाठ्यक्रम iGOT कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म पर टॉप परफॉर्मिंग कार्यक्रम के रूप में उभरा है, जिसमें अब तक 8,68,094 से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों ने पाठ्यक्रम पूरा किया है, जो कामकाजी पेशेवरों के बीच इसकी लोकप्रियता और स्वास्थ्य लाभों को दर्शाता है।
MDNIY ने जो वाई-ब्रेक कोर्स तैयार किया है, वह काम के दौरान सरकारी कर्मचारियों की सेहत को ध्यान में रखकर एक व्यावहारिक, पांच मिनट का योग कार्यक्रम प्रदान करता है। इस कोर्स को इस तरह से तैयार किया गया है कि कोई भी इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकता है। इसमें सरल योग आसन, प्राणायाम और रिलेक्शेसन टेक्नीक्स शामिल हैं, जिनका अभ्यास कर्मचारी अपने वर्कस्टेशन पर ही कर सकते हैं। इससे कर्मचारियों को तनाव कम करने, ध्यान केंद्रित करने और अपनी प्रोडक्टिविटी सुधारने में मदद मिलती है।
डॉ. समगंडी ने वाई-ब्रेक की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा, 'वाई-ब्रेक कार्यक्रम की जबरदस्त सफलता देश भर के सरकारी कर्मचारियों पर इसके महत्वपूर्ण प्रभाव को दर्शाती है। यह उपलब्धि कार्यस्थल के भीतर स्वास्थ्य को समाहित करने, सरकारी कर्मचारियों को ऐसी परम्पराओं से लैस करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के लचीलेपन को बढ़ावा देती हैं। वाई-ब्रेक काम के माहौल में तनाव को कम करने, तरोताजा करने और फिर से ध्यान केंद्रित करने में मदद करता है, जिससे कार्य-कुशलता बढ़ती है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
