Operation Sheeshmahal: टाइम्स नाउ नवभारत के 'ऑपरेशन शीशमहल' में हुए खुलासों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुरी तरह घिर गए हैं। खुलासों पर केजरीवाल एवं उनकी आम आदमी पार्टी (AAP) को जवाब देते नहीं बन रहा है। दिल्ली के सिविल लाइंस स्थित केजरीवाल के सरकारी बंगले में हुए रेनोवेशन (मरम्मत) को लेकर दो दिनों तक चैनल ने सनसनीखेज खुलासे किए। 'ऑपरेशन शीशमहल' के पहले पार्ट में चैनल ने खुलासा किया कि केजरीवाल के बंगले के रेनोवेशन में करीब 45 करोड़ रुपए खर्च किए गए। बंगले में कालीन, मार्बल, पर्दे एवं साज-सजावट पर बेहिसाब करोड़ों रुपए खर्च हुए।
खुलासे के बाद नैतिकता एवं भ्रष्टाचार पर घिरे केजरीवाल
बुधवार को 'ऑपरेशन शीशमहल' पार्ट-2 में चैनल ने खुलासा किया कि जांच एवं सवालों के दायरे से बचने के लिए 45 करोड़ रुपए पांच बार में पीडब्ल्यूडी विभाग के पास कराए। खुलासे के पहले पार्ट में केजरीवाल अपनी नैतिकता, सादगी एवं शुचिता पर घिरे तो खुलासे के दूसरे पार्ट में यह बेहिसाब खर्च भ्रष्टाचार से जुड़ती दिखी।
सवालों से भाग रहे केजरीवाल
इन सनसनीखेज खुलासों पर केजरीवाल एवं उनकी पार्टी सीधा जवाब नहीं दे रही। जबकि भाजपा लगातार उनसे सवाल पूछ रही है। बुधवार को भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के बाहर भारी हंगामा किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'केजरीवाल चोर है' के नारे लगाए। भाजपा के नेता एवं केंद्रीय मंत्री खुलासों पर सीएम केजरीवाल से जवाब मांग रहे हैं लेकिन दिल्ली के सीएम ने चुप्पी साध ली है। गुरुवार को भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने केजरीवाल पर तीखा हमला बोला।
सुधांशु त्रिवेदी ने केजरीवाल पर बोला जोरदार हमला
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने कहा, केजरीवाल के राजयोग के साथ राजरोग भी आया है। रेनोवेशन के कार्य में फाइनेंशियल रूल का पालन नहीं किया। जांच और सवालों से बचने के लिए 10 करोड़ रुपए से कम के टेंडर पास कराते हुए खेल खेला गया। दो हजार की कालीन 20 लाख में खरीदी गई। यहां तक कालीन, पत्थर, पर्दे लगाने वाले सभी करोड़पति हो गए। कंसलटेंसी के लिए 1 करोड़ रुपए खर्च हुए। दिल्ली की जनता ने इनके दावों पर विश्वास किया था लेकिन आज जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
