दिल्ली

दिल्ली में इस महीने आएंगी 1 हजार नई इलेक्ट्रिक बसें, 2026 तक सड़कों पर होंगी 11 हजार बसें

दिल्ली में इस महीने 1 हजार नई इलेक्ट्रिक बसें आएंगी, वहीं अगले वर्ष यानी 2026 तक सड़कों पर 11 हजार बसें होंगी। इसकी घोषणा खुद दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने किया है। उन्होंने कहा कि हम शहर में सार्वजनिक परिवहन को लगातार सुधारने की दिशा में काम कर रहे हैं। जल्द ही और बसें जोड़ी जाएंगी, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

Image

दिल्ली को इसी महीने मिलेंगी 1 हजान नई इलेक्ट्रिक बसें।

Electric Buses in Delhi: राजधानी दिल्ली में इस महीने 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी, जिससे पुरानी सीएनजी बसों को बदला जाएगा। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली का परिवहन क्षेत्र इस समय 235 करोड़ के घाटे में चल रहा है।

पुरानी बसों की जगह लेंगी नई ई-बसें

दिल्ली में क्लस्टर बस सेवा के तहत चल रही करीब 1,000 सीएनजी बसों की उम्र 10 साल पूरी हो चुकी थी, जो जून 2023 में अपने सेवा काल के अंत पर थीं। हालांकि, उस समय के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इनकी सेवा को नौ महीने के लिए बढ़ा दिया था, जो इस महीने समाप्त हो रही है। अब नई बसों के आने से दिल्ली की बस सेवा में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा, इस महीने 1,000 नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में शामिल होंगी। हम शहर में सार्वजनिक परिवहन को लगातार सुधारने की दिशा में काम कर रहे हैं। जल्द ही और बसें जोड़ी जाएंगी, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

2026 तक 11,000 बसें सड़कों पर होंगी

वर्तमान में दिल्ली में कुल 7,600 बसें चल रही हैं, जिनमें 2,002 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार 2026 तक दिल्ली में 11,000 बसें, जिनमें 8,000 ई-बसें होंगी, सड़कों पर उतारने की योजना बना रही है।

सितंबर 2025 तक 3,680 और ई-बसें आएंगी

सितंबर 2025 तक 3,680 और ई-बसों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिससे दिल्ली का सार्वजनिक परिवहन और मजबूत होगा। इसके साथ ही, बस डिपो का विद्युतीकरण भी किया जाएगा।

2023 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, दिल्ली में औसतन 41 लाख यात्री प्रतिदिन सार्वजनिक बसों में सफर करते हैं।

क्या होगा मोहल्ला बस सेवा का भविष्य?

2020 में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू की थी, जिसके तहत 2025 तक दिल्ली में बसों की संख्या बढ़ाकर 10,480 करने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें 80% यानी 8,280 बसें इलेक्ट्रिक होनी थीं।

हालांकि, नई सरकार अब तक मोहल्ला बस सेवा को लेकर कोई फैसला नहीं ले पाई है। AAP सरकार ने इस योजना के तहत 2,180 छोटी, नौ मीटर लंबी बसें लाने की घोषणा की थी, जो संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से चल सकें। ये बसें दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से खरीदी गई थीं, लेकिन अब सरकार इस योजना को नए नाम से लागू करने पर विचार कर रही है।

बस खरीद में घोटाले के आरोप

दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और कांग्रेस ने दावा किया था कि दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस खरीद में घोटाला हुआ है। दोनों दलों ने कैग (CAG) की एक कथित रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि AAP सरकार ने बसों की खरीद दरों को बढ़ाकर करीब 4,500 करोड़ का नुकसान किया और कुछ निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया। हालांकि, यह रिपोर्ट अभी तक विधानसभा में पेश नहीं की गई है।

नई सरकार अब इन तमाम योजनाओं की समीक्षा कर रही है और आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि दिल्ली की बस सेवा किस दिशा में आगे बढ़ेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article