नई दिल्ली : लागातार हो रही बारिश के चलते भले ही दिल्ली के कई इलाके जलमग्न हों। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में कल यानी शुक्रवार 20 सितंबर को 12 घंटे तक पेयजल आपूर्ति नहीं होगी। दिल्ली जल बोर्ड ने यह जानकारी दी है। जिन इलाकों में शुक्रवार को 12 घंटे तक पानी की आपूर्ति नहीं होगी उनके नाम हम यहां नीचे बता रहे हैं।
दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार को नहीं आएगा पानी
इस संबंध में जारी बयान के मुताबिक प्रभावित इलाकों में सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल, कमला नगर, शक्ति नगर, करोल बाग, पहाड़ गंज, ओल्ड एवं न्यू राजेंद्र नगर, पटेल नगर (पूर्व और पश्चिम), बलजीत नगर, प्रेम नगर, इंद्रपुरी, छावनी क्षेत्र के कुछ हिस्से तथा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के तहत आने वाले कुछ के इलाके एवं दक्षिण दिल्ली के इलाके शामिल हैं।
बयान के अनुसार, ‘डॉ. आंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक, सिविल लाइंस के परिसर में चंद्रावल वाटर वर्क्स से निकलने वाली 500 मिलीमीटर व्यास वाली राइजिंग मेन में लीकेज की मरम्मत के चलते चंद्रावल वाटर वर्क्स के बंद रहने के कारण 20 सितंबर को सुबह 11 बजे से 12 घंटे तक चंद्रावल वाटर वर्क्स से पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।’
बयान में कहा गया है कि मरम्मत कार्य के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी और इसलिए प्रभावित इलाकों के निवासियों को पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह दी जाती है। बयान के अनुसार, दिल्ली जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर या केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से मदद की मांग पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे।
PTI
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
