दिल्ली

Delhi: बच्चों की तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश, गुजरात से चुराकर दिल्ली के अमीरों को बेचते थे नवजात

दिल्ली पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो कई राज्यों में सक्रिय था। इसमें तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनपर आरोप है कि ये राजस्थान और गुजरात से नवजात बच्चों को चुराकर अमीरों को पांच से दस लाख में बेचते थे।

Image

बच्चों की तस्करी करने वाले गैंग का पर्दाफाश

Photo : Times Now Digital

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो इंटर स्टेट चाइल्ड ट्रैफिकिंग यानी राज्यों के बीच बच्चों की तस्करी करता था। इस गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनपर आरोप है कि ये राजस्थान और गुजरात से नवजात शिशुओं को चुराकर दिल्ली और NCR क्षेत्र के अमीर निःसंतान परिवारों को पांच से दस लाख रुपये में बेचते थे। पुलिस को आरोपियों के पास एक तीन-चार दिन की नवजात बच्चा भी मिला है।

मास्टरमाइंड की तलाश जारी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान यास्मीन (30 वर्ष), अंजलि (36 वर्ष) और जितेंद्र (47 वर्ष) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार अंजलि पहले भी बच्चा तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। पुलिस के मुताबिक सुनियोजित तरीके से काम करने वाले इस गिरोह की मुखिया सरोज नाम की एक महिला है, जिसकी तलाश अभी जारी है।

गरीब इलाके होते थे टार्गेट

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी गैंग लीडर सरोज के कहने पर वे राजस्थान और गुजरात से नवजात बच्चों को चुराकर दिल्ली लाते थे। अस्पताल, झुग्गियां और गरीब इलाके इनके मुख्य निशाने होते थे। नवजातों को ये अमीर संतानहीन दंपतियों को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के पांच से दस लाख रुपये में बेच देते थे।

ऐसे हुआ खुलासा

द्वारका के DCP अंकित सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को इस गिरोह के बारे में कुछ दिनों पहले एक गुप्त इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस ने 20 फोन नंबरों के कॉल डीटेल रिकॉर्ड की तफ्तीश की और इनपर 20 दिनों कर लगातार निगरानी रखी। इसके बाद तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। फिलहाल पुलिस गैंग लीडर सरोज और बाकी शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है, साथ ही बरामद नवजात बच्चे के परिवार के बारे में भी पता लगा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article