दिल्ली : दिल्ली की सड़कों को और सुरक्षित बनाने के लिए सेंट्रल रेंज की दिल्ली पुलिस ने सोमवार को गश्त की एक नई पहल शुरू की। ऐतिहासिक लाल किला से सुबह 11:30 बजे स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर, ज़ोन-1) रविंद्र सिंह यादव ने इन नई टीमों को हरी झंडी दिखाई। ‘जगुआर पेट्रोलिंग मोटरसाइकिल्स’ और ‘झांसी पेट्रोलिंग स्कूटीज़’। जगुआर टीम में पुरुष पुलिसकर्मी शामिल हैं जिन्हें 71 नई मोटरसाइकिलें दी गई हैं। वहीं झांसी टीम में महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगी और उनके लिए 15 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। सभी गाड़ियों में जीपीएस ट्रैकर लगाए गए हैं और इन पर ड्यूटी करने वाले जवानों को खास ट्रेनिंग दी गई है।
गश्त के लिए रूट इस तरह से तय किए गए हैं कि अपराध-प्रवण और संवेदनशील इलाकों को पूरी तरह कवर किया जा सके। महिला पुलिसकर्मियों की झांसी टीमें खासकर स्कूलों, कॉलेजों, ऑफिस कॉम्प्लेक्स और उन इलाकों में निगरानी रखेंगी, जहां महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा अहम मानी जाती है। इससे महिलाओं को सड़कों पर एक मजबूत सुरक्षा का एहसास होगा।
स्ट्रीट क्राइम पर फोकस
दूसरी ओर जगुआर बाइक टीमें मुख्य सड़कों और व्यस्त बाज़ारों पर सक्रिय रहेंगी। इनका मकसद स्ट्रीट क्राइम यानी छेड़छाड़, झपटमारी और लूट जैसी वारदातों को रोकना और किसी भी घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देना है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह पहल सिर्फ गश्त तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने का भी एक बड़ा कदम है। अपराधियों में डर पैदा करना, तुरंत मदद पहुंचाना और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी को और मज़बूत करना इस योजना का मुख्य लक्ष्य है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
