National Silk Expo: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली न केवल अपने स्वादिष्ट खाने के लिए बल्कि यहां होने वाले ढेरों मेले और प्रोग्राम के लिए भी जानी जाती है। दिन हो या रात जीवंत इस शहर में लोगों की चहल-पहल कभी नहीं रुकती। लखपती दीदी और दिव्य कला मेले के बाद अब मई में यहां एक और खास मेला होने वाला है। दिल्ली में नेशनल सिल्क एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। अगर आप को भी सिल्क के कपड़े और साड़ियां पसंद है तो ये मेला आपके लिए बहुत खास होने वाला है, क्योंकि यहां आपको सिल्क की ढेरों तरह की वैरायटी देखने को मिलेगी। यहां हर राज्य की खूबसूरत डिजाइन वाली सिल्क साड़ियां होंगी, जिनके खास डिजाइन और कपड़े के बारे में आप जान सकते हैं। आइए अब आपको नेशनल सिल्क एक्सपो से संबंधित डेट, समय, स्थान और टिकट आदि की जानकारी दें -
नेशनल सिल्क मेले की मेले की डेट
दिल्ली में आयोजित होने वाला नेशनल सिल्स मेला 7 दिन के लिए आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 29 मई से होगी और यह 4 जून 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर की खूबसूरत साड़ियां और डिजाइन के कपड़े मिलेंगे। मेले में हुनरमंद बुनकर और डिजाइनर अपने हाथों से बने सिल्क के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे, जिन्हें आप खरीद सकते हैं। मुख्य तौर पर ये मेला भारतीय हैंडलूम को बढ़ावा देने के साथ पारंपरिक बुनाई करने वाले कलाकारों को एक प्लेटफार्म देने के लिए आयोजित किया जाता है।
कब और कहां होगा नेशनल सिल्क मेला
नेशनल सिल्क मेले का आयोजन दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब ऑफ इंडिया में लगने वाला है। इसमें 150 से अधिक मास्टर कारीगर शामिल होंगे। मेला सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। यहां आपको भारतीय शिल्प कला को नजदीक से देखने के साथ उसके बारे में विस्तार से जानने को मिलेगा। साथ ही हर राज्य में मिलने वाले सिल्क और उसे किस तरह से तैयार किया जाता है आदि की विस्तृत जानकारी मिलेगी।
नेशनल सिल्क मेले में आप 29 मई से 4 जून तक जा सकते हैं। यहां जाने के लिए नियरेस्ट मेट्रो स्टेशन पटेल चौक मेट्रो स्टेशन है, जो येलो लाइन पर पड़ता है। इसके अलावा अगर आप वायलेट लाइन से आ रहे हैं तो आपको सेंट्रल सेक्रेटेरिएट उतरना होगा और वहां से ऑटो या रिक्शा लेकर आप कांस्टीट्यूशनल क्लब ऑफ इंडिया पहुंच सकते हैं।
नेशनल सिल्क मेले की टिकट
इस मेले की सबसे खास बात ये है कि यहां प्रवेश बिल्कुल मुफ्त है। आप बिना किसी टिकट के यहां जा सकते हैं और मेले में भारतीय शिल्पकला का मजा ले सकते हैं। सिल्क के शौकीनों के लिए ये किसी सुनहरे मौके से कम नहीं है। क्योंकि यहां न केवल आपको राज्यों की ओरिजनल डिजाइन और कपड़ा मिलेगा, बल्कि उनके बारे में जाने को भी मिलेगा, जो सिल्क के कपड़े में आपके ज्ञान को और बढ़ाएगा।
मेले में क्या मिलेगा
इस एग्जिबिशन में आपको सिल्क की बेहतरीन साड़ियां और एक से बढ़कर एक डिजाइन देखने को मिलेंगे। साथ ही यहां आपको समर वेडिंग स्पेशल का नया कलेक्शन और वैरायटी भी मिलेगी। इतना ही नहीं, यहां से आप सिल्क की कुर्तियां, सूट, दुपट्टे, स्टॉल, साड़ियां, पीस और हैंडलूम से बने आकर्षक कपड़े मिल जाएंगे। नेशनल सिल्क मेले में आपको वाराणसी की बनारसी सिल्क, साउथ का कांजीवरम सिल्क, भागलपुर का भागलपुरी सिल्क, चंद्र सिल्क, टीजर पटोला सिल्क, इकत और मेगा सिल्क जैसे देश में मिलने वाले तरह-तरह के सिल्क मिल जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
