दिल्ली

बस कुछ दिन और इंतजार, सराय काले खां से मेरठ तक होगा नमो भारत का सुहाना सफर; जुलाई में होगा उद्घाटन

नमो भारत ट्रेन जल्द ही दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ तक सफर शुरू करेगी। जुलाई में इस पूरे 82 किमी के रूट पर ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। इस रूट का निरीक्षण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। सराय काले खां स्टेशन का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है।

Image

दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन (फाइल फोटो)

Delhi Meerut Namo Bharat Train: दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। देश की पहली रैपिड रेल सेवा ‘नमो भारत’ ट्रेन जल्द ही सराय काले खां से मेरठ तक रफ्तार भरेगी। इस ट्रेन का संचालन जुलाई में शुरू होने की संभावना है। नेशनल कैपिटल रीजनल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) ने ट्रेन संचालन के लिए जरूरी CMRS (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) से मंजूरी प्रक्रिया भी तेज कर दी है। न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक के 4.5 किलोमीटर ट्रैक का निरीक्षण किया जा चुका है। अब मेरठ के 22 किलोमीटर ट्रैक का निरीक्षण भी जून के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद जुलाई में पूरे 82 किलोमीटर लंबे रूट पर ट्रेन संचालन का फैसला लिया जा सकता है।

55 किमी में दौड़ रही नमो भारत ट्रेन

इस परियोजना के तहत कुल 82 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन का संचालन किया जाना है। मौजूदा समय में यह ट्रेन न्यू अशोक नगर से मेरठ के बीच 55 किलोमीटर के हिस्से पर दौड़ रही है। जिसमें रोजाना 50,000 से अधिक यात्री सफर का आनंद ले रहे हैं। बाकी के 27 किलोमीटर ट्रैक को भी तैयार कर लिया गया है और स्टेशनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस हिस्से पर भी जल्द नमो भारत ट्रेन रफ्तार भरने वाली है।

नमो भारत रूट का सबसे बड़ा स्टेशन

सराय काले खां स्टेशन का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। इस स्टेशन को रेल, मेट्रो, बस अड्डे और रिंग रोड से जोड़ा जा रहा है। सराय काले खां स्टेशन इस रूट का सबसे बड़ा और अहम स्टेशन होगा। आने वाले समय में यह स्टेशन दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम एसएनबी रूट्स के लिए भी हब के रूप में काम करेगा। एनसीआरटीसी के अनुसार ट्रैक, स्टेशन और कनेक्टिविटी से जुड़े ज्यादातर काम पूरे हो चुके हैं। जुलाई में ट्रेन पूरी रफ्तार से सराय काले खां से मोदीपुरम तक दौड़ सकती है। इस परियोजना को देश में आधुनिक, तेज और सुविधाजनक पब्लिक ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

नमो भारत ट्रेन से जुड़े अहम सवाल और उनके जवाब

नमो भारत ट्रेन सराय काले खां से मेरठ तक कब चलेगी?

सराय काले खां से मेरठ तक नमो भारत ट्रेन का संचालन जुलाई 2025 में शुरू हो सकता है। इसके संचालन के लिए सीएमआरएस निरीक्षण और अन्य तैयारी अंतिम चरण में है।

नमो भारत ट्रेन का कुल ट्रैक कितना लंबा है?

नमो भारत ट्रेन का पूरा रूट 82 किलोमीटर लंबा है, जो दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक फैला हुआ है।

वर्तमान में नमो भारत ट्रेन किस रूट पर चल रही है?

अभी नमो भारत ट्रेन दिल्ली के न्यू अशोक नगर से मेरठ के बीच 55 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर चल रही है।

सराय काले खां स्टेशन क्यों खास है?

सराय काले खां स्टेशन नमो भारत रूट का सबसे बड़ा स्टेशन होगा। इसकी कनेक्टिविटी मेट्रो, बस अड्डे, रेलवे और रिंग रोड से होगी। भविष्य में यह स्टेशन दिल्ली-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम रूट्स के लिए हब बनेगा।

नमो भारत ट्रेन से यात्रियों को क्या फायदा होगा?

नमो भारत ट्रेन से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सफर का अनुभव मिलता है। इस ट्रेन से यात्री कम समय में दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा कर सकेंगे और सड़कों पर ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article