दिल्ली

Delhi: मदरसे में पांच साल के बच्चे की रहस्यमयी मौत, प्रारंभिक जांच में गर्दन-पेट और कमर पर दिखे छाले

दिल्ली के दयालपुर में एक मदरसे में पढ़ रहे पांच साल के लड़के की तबियत खराब होने के बाद मौत हो गई। लड़के की मां ने शव को सड़क पर रख मदरसा प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा उचित जांच का आश्वासन देने पर लोग वहां से हटे।

Image

पांच साल के बच्चे की मौत (सांकेतिक फोटो)

उत्तरपूर्वी दिल्ली के दयालपुर में एक मदरसे में पढ़ रहे पांच वर्षीय लड़के की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गयी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि लड़के की गर्दन, पेट और कमर पर फफोले थे। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजकर 52 मिनट पर ब्रजपुरी मदरसे में लड़के की मौत के संबंध में सूचना मिली। शव की प्रारंभिक जांच में गर्दन, पेट और कमर पर बड़ी संख्या में छाले दिखायी दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद और जानकारियां सामने आएंगी।

मदरसा प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे लड़के की मां को बताया गया कि उसका बेटा बीमार है। वह उसे ब्रजपुरी में एक निजी अस्पताल लेकर गयी जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि महिला अपने बेटे के शव के साथ मदरसा लौटी और वहां काफी भीड़ जमा हो गयी। उन्होंने सड़क पर शव रख दिया और मदरसा प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जीटीबी अस्पताल के मुर्दाघर ले जाया गया। उसने मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया जिसके बाद लोग वहां से हटे।

मदरसे में करीब 250 लड़के पढ़ते हैं

पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली लड़के की मां ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा पिछले पांच महीने से मदरसे में पढ़ रहा था। बच्चे का पिता उत्तर प्रदेश में रहता है और महीने में एक बार दिल्ली आता है। दंपति के दो और बच्चे- 10 साल का लड़का और आठ साल की लड़की है जो अपनी मां के साथ रहते हैं। पुलिस ने बताया कि हाजी दीन मोहम्मद मदरसा का प्राचार्य है जहां करीब 250 लड़के पढ़ते हैं। इनमें से 150 दिल्ली के बाहर के मुख्यत: उत्तर प्रदेश से हैं। मामले की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article