Delhi Mock Drill: पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना की ओर अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकवादी ठिकानों पर की गई जवाबी कार्रवाई के बीच बुधवार को दिल्ली में 'मॉक ड्रिल' की गई। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने घोषणा की थी कि राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल के तहत आज लुटियंस दिल्ली में रात 8 से 8.15 बजे तक बिजली गुल रही। एनडीएमसी के एक अधिकारी ने कहा था कि सभी निवासियों से अनुरोध है कि कृपया सहयोग करें और स्थिति को सहन करें। अधिकारी ने कहा कि ब्लैकआउट ड्रिल में अस्पताल, डिस्पेंसरी, राष्ट्रपति भवन, पीएमओ, मेट्रो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान शामिल नहीं होंगे।
दिल्ली मॉक ड्रिल
गृह मंत्रालय का आदेश
अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के कारण पाकिस्तान और भारत के बीच बढ़े तनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन अभ्यास’ के तहत यह ‘ब्लैक आउट’ किया गया। एनडीएमसी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी निवासियों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और स्थिति का सामना करें। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यालयों और दूतावास वाले क्षेत्रों में ‘ब्लैक आउट’ रखा गया लेकिन अस्पतालों, मेट्रो स्टेशन, राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में यह अभ्यास नहीं किया गया।
कई मशहूर बाजार और सार्वजनिक स्थान जैसे- कनॉट प्लेस, खान मार्केट और चांदनी चौक स्थित टाउन हॉल में अंधेरा छा गया तथा आमतौर पर देर रात तक जगमगाने वाले इलाकों में कुछ समय के लिए गतिविधियां रुक गईं। मध्य दिल्ली के अधिकारियों ने पुष्टि की कि वजीराबाद, चांदनी चौक और सिविक सेंटर सहित पांच प्रमुख स्थानों पर ‘ब्लैक आउट’ किया गया। वहीं, करोल बाग और प्रसाद नगर के कुछ हिस्सों में भी अंधेरा छाया रहा। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में अधिकारियों ने बताया कि पांच चिह्नित स्थानों पर ‘ब्लैक आउट’ किया गया तथा आपातकालीन स्थितियों में किसी भी तरह के व्यवधान से बचने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए।
अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मदन खादर स्थित एक सरकारी स्कूल और ग्रेटर कैलाश स्थित डीएलएफ किंग्स कोर्ट अपार्टमेंट में भी ‘ब्लैक आउट’ किया गया। पूर्वी दिल्ली के अधिकारियों ने बताया कि बारिश और आवश्यक सेवा प्रदाताओं की मौजूदगी के कारण पूर्ण ‘ब्लैक आउट’ संभव नहीं था। हालांकि, राष्ट्रव्यापी अभ्यास के तहत प्रतीकात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चुनिंदा क्षेत्रों में ‘ब्लैक आउट’ किया गया। अधिकारियों ने इससे पहले दिन में राष्ट्रीय राजधानी के 55 स्थानों पर मॉक ड्रिल किया।
कहां-कहां हुआ मॉक ड्रिल?
दिल्ली में 55 स्थानों पर सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ (सुरक्षा अभ्यास) की गई और इस दौरान तेज आवाज में बजते सायरन, सुरक्षित स्थानों की ओर भागते लोग, स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाये जाने जैसे कुछ दृश्य दिखे। राष्ट्रव्यापी 'ऑपरेशन अभ्यास' के तहत हवाई हमलों, एक साथ कई स्थानों पर आग लगने की घटनाओं और खोज व बचाव अभियान जैसे विभिन्न परिदृश्यों का किस तरह सामना करना है, इसको दर्शाते हुए ‘मॉक ड्रिल’ की गईं। कई स्थानों पर पीसीआर वैन और दमकल गाड़ियां तैनात की गईं, जबकि सुरक्षा कर्मियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की भारी तैनाती की गई। खान मार्केट में, सायरन बजाए गए और लोगों को निकासी अभ्यास के तहत भागने के लिए कहा गया।
चांदनी चौक में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, कर्मियों और एनसीसी कैडेट की मौजूदगी में ‘मॉक ड्रिल’ की गई। टाउन हॉल के पास चांदनी चौक में निकासी अभ्यास शुरू होते ही बाजार क्षेत्र में सायरन बजने लगे, जिससे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बचाव कार्य शुरू करने का संकेत देते हुए दूसरा सायरन बजाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों को घायलों को बचाने जबकि लोगों से शांत रहने और घायलों की मदद करने का अभ्यास कराया गया। दिल्ली अग्निसेवा की क्रेन का इस्तेमाल ऊंची इमारतों तक पहुंचने और फंसे हुए लोगों को निकालने को दर्शाया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सायरन बजाया गया। चिकित्सकों का एक दल और कई एम्बुलेंस के साथ दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं।
एनडीएमसी बिल्डिंग में अलार्म सायरन बजाया गया और कर्मचारियों को बाहर निकालकर बेसमेंट में ले जाया गया। आरबीआई बिल्डिंग में भी ‘मॉक ड्रिल’ की गई जिसमें कांच की खिड़कियों से दूर रहने और दोनों हाथों से सिर ढककर छिपने के लिए सुरक्षित जगह खोजने के निर्देश दिए गए। यह अभ्यास मंगलवार देर रात को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
