Delhi Fire: दिल्ली के केशवपुरम इलाके में लॉरेंस रोड पर एचडीएफसी बैंक के पास स्थित एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया है। यहां लगी आग इतनी भीषण है कि आग की लपटों को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। पूरे आसमान में काला धुआं छाया हुआ है। जूता फैक्ट्री में लगी इस आग से पूर इलाके में हड़कंप मच गया है। आग लगने की वजह के बारे में अभी तक कुछ पता नहीं लग पाया है। दमकल टीम के साथ पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।
यहां जूता फैक्ट्री में लगी आग ने इतना विकराल रूप ले लिया है कि इस पर काबू करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ हुआ है। स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग की टीम द्वारा आसपास स्थित फैक्ट्रियों को एहतियातन तौर पर खाली करवा लिया गया है। फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई खबर सामने नहीं आई है। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना को लेकर कॉल सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर मिली थी। अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं लग पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या मशीनों में खराबी आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं। आग की वजह से आसपास के इलाके में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत आने लगी। स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
