Sexual Harassment in Delhi Goa Flight: दिल्ली की एक महिला मंगलवार को फ्लाइट से गोवा जा रही थी। इसी दौरान उसके बगल में बैठे यात्री ने आपत्तिजनक हरकत की। जिसके बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 23 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिकी के अनुसार, कथित घटना मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजकर 20 मिनट के बीच ‘एअर इंडिया’ की उड़ान में हुई।
आपत्तिजनक हरकत कर रहा था आरोपी
नयी दिल्ली के जनकपुरी की निवासी 28 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उड़ान के दौरान विमान में उनकी बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति ने कंबल ओढ़ लिया और कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकतें करने लगा। प्राथमिकी के अनुसार, इस दौरान आरोपी ने जानबूझकर पीड़िता की तरफ कंबल को खोल रखा था। मंगलवार को दक्षिण गोवा के डाबोलिम में गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के उतरने के बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने बाद में व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हरियाणा के पानीपत के रहने वाले जितेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और 79 (किसी महिला का शील भंग करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य, जिनमें अपमान, आपत्तिजनक इशारे या वस्तुएं, और गोपनीयता का उल्लंघन शामिल हैं) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
