दिल्ली

सावधान! कहीं AC मैकेनिक की जगह घर में तो नहीं घुस रहे चोर...दिल्ली में हो गया कांड

दिल्ली में घरों में एसी, आरओ मैकेनिक बनकर लूटपाट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ऑनलाइन सामने आई थी जिसमें आरोपी रिहायशी इलाकों में नीले रंग का प्लास्टिक का थैला पकड़े और उसमें धारदार हथियार छिपाए घूमता हुआ दिख रहा था।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम और पीतमपुरा इलाकों में एसी और आरओ मैकेनिक बनकर लोगों को कथित रूप से लूटने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अजय बग्गा उर्फ विजय बग्गा (55) को सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, बग्गा मैकेनिक बनकर रिहायशी कॉलोनियों में घूमता था और लोगों को शिकार बनाने के लिए दरवाजों की घंटी बजाता था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "जैसे ही कोई निवासी दरवाजा खोलता, वह जबरदस्ती घर में घुस जाता, अचानक हमला कर देता और घर में रहने वालों को लूट लेता।

सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ऑनलाइन सामने आई थी जिसमें आरोपी रिहायशी इलाकों में नीले रंग का प्लास्टिक का थैला पकड़े और उसमें धारदार हथियार छिपाए घूमता हुआ दिख रहा था। इसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और फिर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। उत्तर पश्चिम की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने एक बयान में कहा, "इसी तरह की कार्यप्रणाली वाली कई घटनाओं की सूचना मिलने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण और खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए, पुलिस ने मॉडल टाउन में गुरुद्वारा नानक प्याऊ के पास बग्गा का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

बग्गा पर कई आरोप

पुलिस ने बताया कि बग्गा का संबंध मौर्या एनक्लेव और केशव पुरम थानों में दर्ज दो अलग-अलग मामलों से है। अधिकारी ने कहा, "पहले मामले में, शिकायतकर्ता साहिल कुकरेजा ने आरोप लगाया कि बग्गा 21 अप्रैल को उसके पिता से मिलने के बहाने पीतमपुरा स्थित उसके आवास पर आया था।" वह उसे पिछले आठ से नौ वर्षों से जानता था। उन्होंने बताया कि घर में घुसकर पानी मांगने के बाद, आरोपी ने कुकरेजा पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को कथित तौर पर बंधक बना लिया, पैसे मांगे और घर से लगभग चार लाख रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हो गया।

दूसरी घटना में, केशव पुरम में, बग्गा ने आठ मई को एक महिला के घर में कथित तौर पर आरओ मैकेनिक बनकर प्रवेश किया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने घर में घुसने के बाद उसे धारदार हथियार से धमकाया। हालांकि, महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, जिसके बाद बग्गा भाग गया और हथियार को पास के एक पार्क में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि हथियार को बाद में पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया। पुलिस शहर में हुई इसी तरह की अन्य घटनाओं में बग्गा की संलिप्तता का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article