दिल्ली

दिल्ली की महिलाओं को कब मिलेंगे 2500 रुपये? आज ‘महिला समृद्धि योजना’ की घोषणा कर सकती है सरकार

Mahila Samriddhi Yojana: दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये प्रदान करने की योजना की घोषणा आज की जा सकती है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है कि आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार महिला समृद्धि योजना का ऐलान कर सकती है। आपको इससे जुड़ी जानकारी इस रिपोर्ट में दे देते हैं।

Image

दिल्ली में क्या आज होगा महिला समृद्धि योजना का ऐलान?

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi: दिल्ली में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये प्रदान करने के लिए ‘महिला समृद्धि योजना’ की घोषणा आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में किए जाने की संभावना है। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल होंगे। यह जानकारी सूत्रों ने दी।

दिल्ली की महिलाओं के कबसे मिलेंगे हर महीने 2500 रुपये?

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ‘महिला समृद्धि योजना’ के भाजपा के चुनावी वादे पर एक कैबिनेट नोट शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में होने वाली दिल्ली मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए पेश किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल द्वारा योजना को मंजूरी देने से पहले इसके दिशा-निर्देशों और पात्रता मानदंडों पर चर्चा किए जाने की संभावना है। आज दोपहर में जेएलएन स्टेडियम में भाजपा की दिल्ली इकाई की ओर से महिला दिवस पर आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गुप्ता को शामिल होना है।

योजना के लिए पंजीकरण शुरू करने की घोषणा हो सकती है आज

पार्टी ने एक संदेश में कहा कि दिल्ली इकाई की सह-प्रभारी अलका गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन और भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और बांसुरी स्वराज सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। सूत्रों ने बताया, ‘‘महिला सहायता योजना के लिए पंजीकरण शुरू करने की घोषणा जेएलएन स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में की जाएगी।’’

गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये

भाजपा ने फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में दिल्ली में सत्ता में आने पर ‘महिला समृद्धि योजना’ के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था। सूत्रों ने बताया कि कुछ पात्रता मानदंडों में संभावित रूप से यह हो सकता है कि महिलाओं की आयु 21-60 वर्ष होनी चाहिए और उनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं हो।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पिछले सप्ताह कहा था कि योजना के लिए पंजीकरण 8 मार्च से शुरू होगा और पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की जाएगी, जिसके बाद हर आर्थिक रूप से गरीब महिला को 2,500 रुपये देने की पूरी प्रक्रिया डेढ़ महीने में पूरी हो जाएगी। दिल्ली में विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार की इस बात के लिए आलोचना की है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस संबंध में "वादा" करने के बावजूद इस योजना को दिल्ली मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मंजूरी नहीं दी गई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article