भारत में गर्मी ने दस्तक दे दी है और कई राज्यों में तापमान में तेज़ी से वृद्धि हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ग्रीष्मकालीन पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें आगामी महीनों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिससे गर्मी से होने वाली बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटा जा सके।
सांकेतिक फोटो
स्वास्थ्य विभाग की सख्त हिदायतें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वे हीट और हेल्थ गाइडलाइन्स का पालन करें, जो राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इन दिशा-निर्देशों को ज़िलों तक पहुंचाने और सभी अस्पतालों तथा स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गर्मी से जुड़ी बीमारियों पर विशेष निगरानी
1 मार्च 2025 से हीटस्ट्रोक और अन्य गर्मी जनित बीमारियों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन प्लेटफॉर्म (IHIP) पर प्रतिदिन रिपोर्टिंग की जा रही है। हाल ही में स्वास्थ्य विभाग ने इस प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टिंग के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए हैं।
गर्मी के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को किया जाएगा मजबूत
- सभी अस्पतालों में ओआरएस, दवाइयों, आईवी फ्लूइड्स, आइस पैक और प्राथमिक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
- गर्मी से बचाव के लिए कूलिंग यूनिट्स और छायादार स्थानों की व्यवस्था की जाएगी।
- गंभीर मामलों के लिए हीटस्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट्स स्थापित किए जाएंगे।
- अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराए जाएंगे और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जनता को किया जाएगा जागरूक
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि वे स्थानीय भाषा में हीटवेव से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाएं। इसके तहत –
- टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को गर्मी से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।
- जन-जन तक चेतावनी संदेश पहुँचाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
भीषण गर्मी में बड़े आयोजनों पर विशेष सतर्कता
गर्मियों में होने वाले मेलों, धार्मिक आयोजनों और खेल प्रतियोगिताओं में विशेष सावधानी बरती जाएगी। इसके लिए –
- शुद्ध पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाएगी।
- आयोजन स्थलों पर छाया और ठंडी जगहों की व्यवस्था होगी।
- लोगों को गर्मी से बचने के उपाय जैसे हल्के और ढीले कपड़े पहनना, धूप में बाहर न निकलना, और पर्याप्त पानी पीना सिखाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
