Thunderstorm and Rain in delhi NCR: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार देर शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद देर शाम को धूल भरी आंधी चलने लगी। जिसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया। दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी झमाझम बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर ओले भी गिरे और बादलों की गड़गड़ाहट भी सुनने को मिली। मौसम खराब होने के कारण दिल्ली मेट्रो और हवाई सेवाओं पर भी प्रभाव पड़ा है।
सफदरजंग में तेज रफ्तार से चली हवाएं
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चली। सबसे तेज हवा सफदरजंद इलाके में 79 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। जिससे कुछ जगहों पर पेड़ भी उखड़ गए। जिससे यातायात पर भी असर पड़ा। वहीं दिल्ली के साउथ, नॉर्थ और वेस्ट इलाके में ओले गिरे। इसके अलावा एनसीआर के कई इलाकों में भी ओलावृष्टि देखी गई। तेज हवाओं संग बारिश के कारण कुछ इलाकों की बिजली भी गुल हो गई। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से भी मना किया है।
सड़कों पर जगह-जगह ट्रैफिक जाम
नोएडा में आंधी और बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। अचानक बदले मौसम से जनजीवन पर भी प्रभाव पड़ा है। तेज आंधी के कारण पेड़ और साइन बोर्ड गिर गए। जिससे सड़कों पर जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक पुलिस जाम को खुलवाने में जुटी हुई है। आंधी-बारिश के कारण नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कालिंदी कुंज बॉर्डर पर भी भीषण जाम लग गया। इसके अलावा डीएनडी बॉर्डर पर भी ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
मेट्रो सेवाएं प्रभावित
खराब मौसम का असर दिल्ली मेट्रो की सेवाओं पर भी देखने को मिला है। तेज आंधी और बारिश की वजह से सेफ्टी प्रोटोकॉल के चलते मेट्रो की स्पीड को धीमा कर दिया गया है। जिन जगहों पर मेट्रो लाइन के आसपास पेड़ हैं, उनमें कुछ स्थानों पर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोका गया। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट ने भी पैसेंजर एडवाइजरी जारी कर लोगों को जानकारी दी है कि खराब मौसम की वजह से उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार बादलों का समूह अब दक्षिण-पूर्व की ओर आगे बढ़ेगा। जिसके चलते अगले एक घंटे में दिल्ली के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। इस दौरान हल्की बारिश भी हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
