दिल्ली के घनी आबादी वाले इलाकों में फायर डिपार्टमेंट के आसानी से न पहुंच पाने की दिक्कत से निपटने के लिए दिल्ली सरकार एक नई पहल कर रही है। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को विकसित करने और मजबूती देने के लिए सरकार ने बजट में 125 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसी के तहत भीड़भाड़ वाले इलाकों में आग से निपटने के लिए सरकार दोपहिया वाहनों को भी लाने की योजना बना रही है।
फायर डिपार्टमेंट होगा अपग्रेड
इस बार के बजट में कनॉट प्लेस स्थित दमकल विभाग के मुख्यालय को बहुमंजिला और हाई-टेक इमारत में बदलने की घोषणा की गई है। अंतरराष्ट्रीय मानकों पर आधारित इस अपग्रेडेड इमारत में आधुनिक कॉल सेंटर के साथ ही आग बुझाने के आधुनिक उपकरण होंगे। शिकायतों के समाधान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। फायर सर्विस को समर्पित बजट में कुल 125 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।
बजट में अग्निशमन सेवाओं में सुधार के लिए के लिए 110 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। जिससे कुछ खास उपकरण और वाहनों की खरीद होगी, जिसमें 17 वाटर बॉजर, मल्टी-आर्टिकुलेटेड फायर टावर, एरियल लैडर प्लेटफॉर्म और वैन शामिल हैं।
आएंगे दो पहिया दमकल
इसी के साथ आग की घटना की सूचना मिलने पर कम से कम समय में पहुंचने के लिए भी प्रयास किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले और दूरदराज के इलाकों में कम समय में दमकलकर्मी पहुंचें, इसके लिए सरकार की प्राथमिकता फायर डिपार्टमेंट में दो पहिया वाहनों को लाने की है। इसके अलावा 100 जगहों पर 100 छोटी दमकलें तैनात की जाएंगी, ताकि इस काम में और मदद मिल सके। 17 बड़े दमकल भी खरीदे जाएंगे। 24 मल्टी-यूटिलिटी वाहनों को हाई-प्रेशर पंप से लैस किया जाएगा और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए लाइव कैमरे लगाए जाएंगे।
फायर NOC होगी आसान
इसके अलावा सरकार फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को सरल बनाने का भी काम शुरू करेगी। दिल्ली में फायर NOC में काफी दांव पेंच हैं। इसे पाने की प्रकिया में आसानी के लिए सरकार ने कंसल्टेंट नियुक्त करने की बात भी कही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
